उत्तर प्रदेश

यूपी सरकार ने डीए में 2% बढ़ोतरी का किया ऐलान, 16 लाख राज्य कर्मचारियों को मिलेगा फायदा

उत्तर प्रदेश: राज्य के लाखों सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स को बड़ी राहत देते हुए महंगाई भत्ते (DA) में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी का ऐलान किया है. योगी सरकार के इस फैसले के बाद अब कर्मचारियों और पेंशनर्स को 58 फीसदी की जगह 60 फीसदी महंगाई भत्ता मिलेगा. बढ़ा हुआ डीए जनवरी 2026 से प्रभावी माना जाएगा, जिससे कर्मचारियों की सैलरी और पेंशन में सीधा इजाफा देखने को मिलेगा.

सरकार के इस फैसले का फायदा प्रदेश के करीब 16 लाख सरकारी कर्मचारियों और शिक्षकों के साथ लगभग 12 लाख पेंशनर्स को मिलेगा. बढ़ती महंगाई के बीच यह निर्णय कर्मचारियों और सेवानिवृत्त कर्मियों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है. माना जा रहा है कि इससे कर्मचारियों की क्रय शक्ति बढ़ेगी और घरेलू खर्चों को संभालने में मदद मिलेगी.

वित्त विभाग के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता 1 जनवरी 2026 से लागू माना जाएगा. इसके तहत कर्मचारियों और पेंशनर्स को अब 60 प्रतिशत की दर से डीए का भुगतान किया जाएगा. राज्य सरकार ने यह फैसला केंद्र सरकार द्वारा महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी के बाद लिया है.

सरकार ने स्पष्ट किया है कि 1 जनवरी 2026 से 30 अप्रैल 2026 तक की अवधि का एरियर भी कर्मचारियों और पेंशनर्स के खातों में जमा कराया जाएगा. वहीं 1 मई 2026 से बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता जून महीने में मिलने वाले वेतन और पेंशन के साथ जोड़ा जाएगा. इससे कर्मचारियों को एकमुश्त एरियर का भी लाभ मिलेगा.

प्रदेश में लगातार बढ़ रही महंगाई के बीच सरकार का यह फैसला कर्मचारियों के लिए राहत लेकर आया है. लंबे समय से कर्मचारी संगठनों की ओर से महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी की मांग की जा रही थी. अब डीए बढ़ने से लाखों परिवारों की आर्थिक स्थिति को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है. साथ ही यह फैसला राज्य कर्मचारियों के मनोबल को बढ़ाने वाला भी माना जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *