उत्तर प्रदेश: मेडिकल कॉलेज के शिशु वार्ड में आग से 10 बच्चों की मौत हो गई. घटना के बाद डिप्टी सीएम बृजेश पाठक भी मेडिकल कॉलेज पहुंचे. उन्होंने इमरजेंसी वार्ड और चिल्ड्रेन वार्ड में पहुंचकर घायलों का हाल जाना. सीएम योगी आदित्यनाथ की ओर सहायता राशि का भी ऐलान कर दिया गया है. मृतक बच्चों के परिजनों को 5-5 लाख जबकि घायलों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे. वहीं दूसरी ओर पीएम नरेंद्र मोदी, सीएम योगी आदित्यनाथ, बसपा मुखिया मायावती और सपा चीफ अखिलेश यादव ने भी हादसे पर अफसोस जाहिर किया है.
मीडिया से बातचीत में डिप्टी सीएम ने कहा कि 17 नवजात बच्चों का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है. 7 घायल बच्चों का इलाज प्राइवेट अस्पताल में चल रहा है. 8 बच्चे अपने माता-पिता के साथ घर चले गए हैं. 6 बच्चों के परिजनों से संपर्क नहीं हो पा रहा है. इसके लिए प्रयास चल रहा है.
हृदयविदारक! उत्तर प्रदेश में झांसी के मेडिकल कॉलेज में आग लगने से हुआ हादसा मन को व्यथित करने वाला है। इसमें जिन्होंने अपने मासूम बच्चों को खो दिया है, उनके प्रति मेरी गहरी शोक-संवेदनाएं। ईश्वर से प्रार्थना है कि उन्हें इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करे। राज्य सरकार की…
— PMO India (@PMOIndia) November 16, 2024
डिप्टी सीएम ने कहा कि अभी हमारी प्राथमिकता सबसे पहले घायल बच्चों को बेहतर इलाज दिलाना है. मामले की अस्पताल, जिला और राज्य स्तरीय जांच के आदेश मुख्यमंत्री की तरफ से दिए गए हैं. जांच के जो भी दोषी होगा, उस पर कार्रवाई की जाएगी. डिप्टी सीएम ने बताया कि आग लगने के बाद सबसे पहले वार्ड ब्वॉय ने अग्निशामक यंत्रों को चलाया लेकिन ऑक्सीजन के कारण आग भड़क गई. बच्चों के जिन शवों की पहचान नहीं हो पाई है, जरूरत पड़ी तो उनका डीएनए टेस्ट भी होगा.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी गहरा दुख जताया है. उन्होंने मृतक बच्चों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये, जबकि गंभीर घायलों के परिवार को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता मुख्यमंत्री राहत कोष से उपलब्ध कराने का ऐलान किया है. मुख्यमंत्री पूरी रात घटनास्थल से पल-पल की अपडेट लेते रहे.
जनपद झांसी स्थित मेडिकल कॉलेज के NICU में घटित एक दुर्घटना में हुई बच्चों की मृत्यु अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है।
जिला प्रशासन तथा संबंधित अधिकारियों को युद्ध स्तर पर राहत एवं बचाव कार्यों को संचालित कराने के निर्देश दिए हैं।
प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं…
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) November 15, 2024
वहीं सपा मुखिया अखिलेश यादव ने ट्वीट कर लिखा है कि झांसी मेडिकल कॉलेज में आग लगने से 10 बच्चों की मृत्यु एवं कई बच्चों के घायल होने का समाचार बेहद दुखद एवं चिंताजनक है. सबके प्रति संवेदनात्मक श्रद्धांजलि. आग का कारण ‘ऑक्सीजन कॉन्संट्रेटर’ में आग लगना बताया जा रहा है. ये सीधे-सीधे चिकत्सीय प्रबंधन व प्रशासन की लापरवाही का मामला है या फिर खराब क्वॉलिटी के आक्सीजन कॉन्संट्रेटर का. इस मामले में सभी जिम्मेदार लोगों पर दंडात्मक कार्रवाई हो. मुख्यमंत्री जी चुनावी प्रचार छोड़कर, ‘सब ठीक होने के झूठे दावे’ छोड़कर स्वास्थ्य और चिकित्सा की बदहाली पर ध्यान देना चाहिए. जिन्होंने अपने बच्चे गंवाएं हैं, वो परिवारवाले ही इसका दुख-दर्द समझ सकते हैं.
झाँसी मेडिकल कॉलेज में आग लगने से 10 बच्चों की मृत्यु एवं कई बच्चों के घायल होने का समाचार बेहद दुखद एवं चिंताजनक है। सबके प्रति संवेदनात्मक श्रद्धांजलि।
आग का कारण ‘ऑक्सीजन कॉन्संट्रेटर’ में आग लगना बताया जा रहा है। ये सीधे-सीधे चिकत्सीय प्रबंधन व प्रशासन की लापरवाही का मामला… pic.twitter.com/639O0QHPPK
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) November 16, 2024

