उत्तर प्रदेश

गाजियाबाद को मिली 868 करोड़ की 90 परियोजनाओं की सौगात, CM योगी ने कहा दिल्ली का ग्रोथ इंजन

गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को गाजियाबाद के दौरे पर रहे. इस दौरान उन्होंने 869 करोड़ रुपए की 90 परियोजनाओं का न्यास और लोकार्पण किया. साथ ही विधायक अजीत पाल त्यागी के पिता और पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय राजपाल त्यागी की प्रतिमा का अनावरण भी किया. इस दौरान उन्होंने गाजियाबाद को दिल्ली का ग्रोथ इंजन बताया.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, एक दशक पहले गाजियाबाद की स्थिति बहुत खराब थी. लोग गाजियाबाद का नाम लेने से भी भयभीत होते थे. यहां आने का साहस नहीं करते थे. गंदगी गाजियाबाद की पहचान बन चुकी थी. गाजियाबाद की गुंडागर्दी पर फिल्में बनती थी. लोगों के मन में धारणा थी कि गाजियाबाद कोई गंदा शहर है. अराजकता चरम पर पहुंच चुकी थी और 10 साल पहले यहां गैंगवॉर हुआ करते थे. आज सुशासन के मॉडल के तहत गाजियाबाद नई पहचान बना रहा है.

सीएम योगी ने कहा, गाजियाबाद अब दिल्ली की ग्रोथ इंजन के रूप में काम कर रहा है. यह तब संभव हो पाया है जब यहां की जनता ने अच्छे जनप्रतिनिधियों को चुनकर विधानसभा भेजा है. अब गाजियाबाद के नाम पर फिल्म नहीं बनती है, बल्कि अब गाजियाबाद के नाम पर नए-नए निवेश आते हैं. आज हरनांदीपुरम के रूप में एक नया आवासीय प्रोजेक्ट विकसित हो रहा है.

वहीं कांग्रेस और समाजवादी पार्टी को घेरते हुए सीएम योगी ने कहा, सपा और कांग्रेस आज आस्था की बात कर रहीं है जो कि बड़ा हास्यास्पद लगता है. यह वही लोग हैं जिन्होंने कभी कावड़ यात्रा पर रोक लगा दी थी. इन दोनों पार्टियों को कावड़ यात्रा में हर-हर और बम-बम बोलकर चलने वाले शिवभक्तों पर आपत्ति होती थी. यह वही समाजवादी पार्टी है, जिसने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के त्योहार को रोकने का काम किया था, रामनवमी की शोभायात्रा को प्रतिबंधित किया था और दुर्गा पूजा के पंडालों पर रोक लगाने का काम किया था.

उन्होंने आगे कहा, जब कोई जनप्रतिनिधि अपने पूरे सार्वजनिक जीवन को जनता की सेवा के लिए समर्पित कर देता है तो जनता का विश्वास और प्रेम उसे लोकप्रियता के सर्वोच्च शिखर तक पहुंचा देता है. स्वर्गीय राजपाल त्यागी का सार्वजनिक जीवन इसका सशक्त उदाहरण है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *