उत्तर प्रदेश

गाजियाबाद: गोविंदपुरम के बाबा मार्केट में लगी भीषण आग, पांच दुकानें जलकर खाक

गाजियाबाद: गोविंदपुरम स्थित बाबा मार्केट में मंगलवार रात भीषण आग लगने से पांच दुकानों में भारी नुकसान हो गया. घटना में किसी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई. आग लगने की सूचना मिलती ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. 16 जून 2026 को रात्रि 12:00 बजे फायर स्टेशन कोतवाली को बाबा मार्केट की दुकानों में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी.

सूचना मिलते ही अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में कोतवाली फायर स्टेशन से चार फायर टेंडर घटनास्थल के लिए रवाना किया गया. फायर स्टेशन वैशाली से दो वाटर बाउजर, फायर स्टेशन साहिबाबाद से एक फायर टेंडर और फायर स्टेशन मोदीनगर से एक अतिरिक्त फायर टेंडर को मौके पर बुलाया गया. कुल आठ दमकल गाड़ियां आग बुझाने में जुटी थीं. सभी दुकानें बंद थी और उनके शटर के नीचे तेजी से धुआं निकल रहा था. ऐसे में दमकल कर्मियों को अंदर जाने के लिए दुकानों का शटर तोड़ना पड़ा.

फायर सर्विस के जवानों ने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए आग पर नियंत्रण पाया और आसपास स्थित दुकानों को भी आग की चपेट में आने से बचा लिया. आग की चपेट में दीपक गोयल की अग्रवाल स्वीट्स, हरिओम गर्ग की गणेश ट्रेडर्स, मुकेश सिंघल की सिंगला स्वीट्स, राहुल मित्तल की मोबाइल एवं खिलौने की दुकान तथा अंकित की डेयरी आई.

मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल के मुताबिक, आग को पूर्ण रूप से बुझा दिया गया. किसी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई है. समय रहते अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और बड़ा हादसा टल गया. फिलहाल प्रथम दृष्टया सामने आया है कि आग शॉर्ट सर्किट होने से लगी थी लेकिन मामले की अभी जांच की जा रही है जांच के बाद ही आग लगने के कारण स्पष्ट हो सकेंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *