उत्तर प्रदेश

नोएडा से किसानों का दिल्ली कूच सभी सीमाओं पर हज़ारों जवान तैनात, बेरिकेट्स तोड़ आगे बढे किसान

नोएडा: किसानों का दिल्ली कूच कार्यक्रम दोपहर 12 बजे से शुरू होना है, लेकिन इससे पहले ही शहर में जाम लग गया है. किसानों के दिल्ली कूच से पहले बॉर्डर पर भारी सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं. गाड़ियों की जांच के बाद ही दिल्ली सीमा में प्रवेश की इजाजत दी जा रही है. इस कारण ऑफिस ऑवर शुरू होते ही दिल्ली बॉर्डर से जुड़ी सड़कों पर जाम जैसी स्थिति बनने लगी.

फिलहाल उन्हें नई दिल्ली में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई है. बता दें कि, किसान पिछले कई दिनों से अपनी मांगों को लेकर महापड़ाव पर बैठे हुए हैं. 25 नवम्बर से प्रारंभ हुआ यह आंदोलन, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर धरना देने के बाद 28 नवम्बर से यमुना प्राधिकरण तक फैल चुका है. आज, यह किसान एक बार फिर अपनी आवाज को राजधानी की ओर पहुंचाने का प्रयास करेंगे.

किसान नेता रूपेश वर्मा ने स्पष्ट किया है कि उनकी मांगों की उपेक्षा नहीं की जा सकती. शासन स्तर पर गठन की गई हाई पावर कमेटी से भी किसान संतुष्ट नहीं हैं और यह चाहते हैं कि कमेटी द्वारा दिए गए सुझावों पर तुरंत कार्रवाई की जाए.

किसान प्रदर्शनकारियों की योजना के अनुसार, सभी किसान आज दोपहर 12:00 बजे महामाया फ्लाईओवर के पास एकत्रित होंगे और फिर ट्रैक्टर के माध्यम से दिल्ली की ओर मार्च करेंगे. लेकिन इस बार की तैयारी में दिल्ली पुलिस और गौतम बुद्ध नगर पुलिस ने भी अपनी तैयारियां की हैं. दिल्ली की सीमाओं पर बैरिकेडिंग लगाई गई है, और चेकिंग के चलते यातायात रूट भी डाइवर्ट किए गए हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *