उत्तर प्रदेश

बनारस का पहला हाईटेक घाट, 15 नवंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे उद्घाटन

उत्तर प्रदेश: धर्म की नगरी वाराणसी में 15 नवंबर को देव दीपावली का पर्व मनाया जाएगा. पौराणिक मान्यताओं से जुड़ी कथाओं के मुताबिक, इस दिन देवता काशी में स्वयं गंगा तट पर दीपदान करने के लिए पहुंचते हैं. यही वजह है कि अब इस आयोजन को भव्य और दिव्य रूप देने के लिए खुद सरकार लगातार काम कर रही है. अयोध्या में लाखों की संख्या में दीपक जलाए जाने के बाद अब इस बार वाराणसी में देव दीपावली के मौके पर प्रशासन पूजा समितियां और अलग-अलग घाटों की आरती समितियां मिलकर 25 लाख दिए जलाने का लक्ष्य रखकर चल रही हैं. इसमें सिर्फ गंगा घाट ही नहीं बल्कि वाराणसी के कुंड सरोवरों को भी जोड़ा जा रहा है.

बनारस के पौराणिक घाटों की श्रृंखला में इस दिन एक और महत्वपूर्ण और स्मार्ट घाट जुड़ने जा रहा है, जो नमो घाट का तीसरा हिस्सा है. पहले अलग-अलग दो हिस्सों को जनता को समर्पित किया जा चुका है और अब 15 नवंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों नमो घाट के तीसरे फेज का उद्घाटन करके यह एडवांस और बनारस का पहला हाईटेक घाट जनता को समर्पित किया जाएगा. सबसे बड़ी बात यह है कि इकलौता ऐसा घाट होगा जो जल, थल, नभ तीनों से कनेक्ट होगा.

स्मार्ट सिटी के जनसंपर्क अधिकारी शाकंभरीनंदन सोंथालिया के मुताबिक, मल्टीपरपज ग्राउंड पर एक साथ तीन-तीन हेलीकाप्टर उतर सकेंगे. सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि यहां पर फूड कोर्ट के साथ ही बच्चों के खेलने के लिए प्ले जोन एरिया भी बनाया गया है. जहां पर बच्चे जाकर इलेक्ट्रॉनिक झूलों का भी आनंद ले सकेंगे. इसके अलावा यहां पर टाइम स्पेंड करने के लिए बिल्कुल गुजरात रिवरफ्रंट की तर्ज पर बेहतरीन लाइटिंग और शानदार बैठने की व्यवस्था भी दी गई है. इतना ही नहीं पेड़ पौधे लगाने के साथ ही लोगों के वॉकिंग और हेल्थ का ध्यान रखते हुए यहां पर एक वॉकिंग जोन भी तैयार किया गया है.

सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि यहां आने वाले पर्यटकों और आम लोगों को कुछ अलग देने के लिए वॉटर स्पोर्ट्स की सुविधा भी यहां पर मौजूद रहेगी. इसमें से कुछ चीज यहां पहुंच भी चुकी हैं. जिसमें एक हाय स्पंजी बाल जो पानी में ही रहेगी और लोग इसमें अंदर जाकर पानी पर चलने का आनंद ले सकेंगे. इसके अलावा दो स्पीड बोट स्पीड मोटरसाइकिल और अन्य व्यवस्था भी वॉटर स्पोर्ट्स के तौर पर मौजूद रहेगी. जून के महीने में इन सभी चीजों का ट्रायल पूरा कर लिया गया है और उद्घाटन के बाद यह सभी चीजें पब्लिक के लिए उपलब्ध रहेंगी और पब्लिक यहां वॉटर स्पोर्ट्स का आनंद ले पाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *