उत्तर प्रदेश

गाजियाबाद में 23 अप्रैल को लगने जा रही पासपोर्ट लोक अदालत, बिना अपॉइंटमेंट लंबित फाइलों का होगा निस्तारण

उत्तर प्रदेश: पासपोर्ट से जुड़ी लंबित फाइलों वाले लोगों के लिए राहत भरी खबर है. अब पासपोर्ट संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार अपॉइंटमेंट लेने की जरूरत नहीं पड़ेगी. दरअसल, क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय गाजियाबाद द्वारा पासपोर्ट लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है. यहां आवेदक बिना किसी पूर्व अपॉइंटमेंट के सीधे पहुंचकर अपनी लंबित फाइलों का निस्तारण करवा सकते हैं.

कई बार दस्तावेजों में कमी होने पर पासपोर्ट फाइल अटक जाती है. ऐसे में आवेदकों को अपॉइंटमेंट लेकर कार्यालय में पुनः सही दस्तावेज जमा करने होते हैं. लेकिन अब लंबित फाइलों का निस्तारण करने के लिए अपॉइंटमेंट लेने की आवश्यकता नहीं होगी क्योंकि क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय गाजियाबाद द्वारा पासपोर्ट लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है.

क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, गाजियाबाद से मिली जानकारी के मुताबिक, गुरुवार, 23 अप्रैल 2026 को दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक गाजियाबाद की कमला नेहरू नगर स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय के कक्ष संख्या 320 में पासपोर्ट लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा. इस दौरान क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी अनुज स्वरूप स्वयं आवेदकों से मिलेंगे, उनकी समस्याएं सुनेंगे और मौके पर ही समाधान करने की कोशिश करेंगे. इस पहल का उद्देश्य लंबे समय से लंबित पासपोर्ट फाइलों को जल्दी निपटाना है. हालांकि, समय सीमित होने के कारण इस लोक अदालत में केवल 50 आवेदकों की फाइलों का ही निस्तारण किया जाएगा.

क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुल 13 जिलों के लिए पासपोर्ट जारी होते हैं. ऐसे में इन सभी 13 जिलों के लोग अपनी लंबित फाइलों का निस्तारण करवाने के लिए क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय में आयोजित होने वाली पासपोर्ट अदालत में बिना किसी अपॉइंटमेंट के पहुंच सकते हैं. जिन आवेदकों की पासपोर्ट फाइलें काफी समय से अटकी हुई हैं, उन्हें इस लोक अदालत के बारे में सूचित किया गया है ताकि वे इसका लाभ उठा सकें. इस व्यवस्था से जहां एक तरफ पासपोर्ट कार्यालय का काम कम होगा, वहीं दूसरी तरफ लोगों को भी अपनी समस्या का समाधान जल्दी और आसान तरीके से मिल सकेगा.

अनुज स्वरूप (भारतीय विदेश सेवा) के मुताबिक विदेश मंत्रालय के दिशा निर्देशों के अनुपालन में क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय गाजियाबाद द्वारा विशेष पासपोर्ट लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है. पासपोर्ट लोक अदालत के माध्यम से जहां एक तरफ क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय पर लंबित फाइलों का भर काम होगा तो वहीं दूसरी तरफ आवेदकों को भी आसानी से अपनी लंबित फाइलों का निस्तारण करवाने में सहूलियत होगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *