उद्धव का दावा, जल्द ही गिरेगी एकनाथ शिंदे की सरकार, 22 विधायक और 9 सांसद साथ छोड़ने को तैयार - TV News Today
महाराष्ट्र

उद्धव का दावा, जल्द ही गिरेगी एकनाथ शिंदे की सरकार, 22 विधायक और 9 सांसद साथ छोड़ने को तैयार

महाराष्ट्र: शिवसेना के दो धड़ों उद्धव ठाकरे गुट और एकनाथ शिंदे कैंप के बीच नई रार शिवसेना सांसद विनायक राउत ने यह कहकर महाराष्ट्र की राजनीति में भूकंप ला दिया है कि महाराष्ट्र की एकनाथ शिंदे सरकार जल्द ही गिरने वाली है. दावा किया कि शिंदे की शिवसेना के 22 विधायक नाराज चल रहे हैं और जल्द ही शिंदे को छोड़ उद्धव ठाकरे कैंप में वापसी कर सकते हैं. उन्होंने यह भी कहा कि 13 में से 9 सांसद शिवसेना (यूबीटी) के संपर्क में हैं.

बता दें कि पिछले साल जून महीने में एकनाथ शिंदे ने उद्धव ठाकरे से बगावत करके आधे से अधिक विधायकों को अपने साथ ले लिया था. उद्धव ठाकरे की सरकार गिराकर बीजेपी से हाथ मिलाया और महाराष्ट्र में नई सरकार बना ली. इतना ही नहीं चुनाव आयोग शिवसेना का चिह्व और नाम शिंदे कैंप को दे चुकी है. लोकसभा में भी शिवसेना के प्रतिनिधि के तौर पर शिंदे कैंप उद्धव गुट पर हावी है. इस बीच उद्धव ठाकरे गुट के सांसद विनायक राउत ने बड़ा बयान देकर राजनीतिक तल्खी और तेज कर दी है.

शिवसेना (यूबीटी) सांसद विनायक राउत ने सोमवार को दावा किया कि सीएम एकनाथ शिंदे की शिवसेना के 22 विधायक नाराज हैं और इसे छोड़ने की तैयारी कर रहे हैं और 13 में से 9 सांसद शिवसेना (यूबीटी) के संपर्क में हैं. राउत ने कहा कि सांसद भी शिंदे सेना से परेशान हैं क्योंकि उनके काम नहीं हो रहे हैं और उनके साथ अवमानना ​​​​की जा रही है.

राउत का यह दावा शिंदे समूह के सांसद गजानन कीर्तिकर के उस बयान के कुछ दिनों बाद आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि एनडीए सरकार का हिस्सा होने के बावजूद भाजपा द्वारा शिवसेना के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है. राउत ने यह भी कहा कि राज्य के मंत्री शंभुराजे देसाई ने 15 दिन पहले उद्धव ठाकरे को एक संदेश भेजा था जिसमें बताया गया था कि वे कैसे घुटन महसूस कर रहे हैं?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *