देश: सावन के महीने में शिवभक्तों की भारी भीड़ मंदिरों में देखने को मिल रही है। अयोध्या में बड़ी संख्या में श्रद्धालु सरयू नदी में डुबकी लगाने पहुंचे हैं. सरयू तट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है, लोग इस पावन मौके पर सरयू नदी में डुबकी लगा रहे हैं. वहीं वाराणसी में भी भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है. काशी विश्वनाथ मंदिर में बड़ी संख्या में भक्त सावन शिवरात्रि के मौके पर दर्शन करने के लिए पहुंचे हैं. प्रयागराज की बात करें तो मनकामेश्वर मंदिर में शिवरात्रि के मौके पर लोग भोले बाबा के दर्शन करने पहुंच रहे हैं.
सावन के पवित्र महीने में शिवरात्रि के शुभ अवसर पर शुक्रवार सुबह दिल्ली के चांदनी चौक स्थित गौरी शंकर मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्रित हुए. श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना के बाद भगवान शिव से आशीर्वाद मांगा, मंदिर में लोग जलाभिषेक करते हुए और शिव लिंग पर दही, दूध, शहद, पंचामृत बेलपत्र, फूल और चंदन का लेप चढ़ाते हुए देखे जा सकते हैं.
वहीं सुबह से ही हरिद्वार में दक्षेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ लगी हुआ है. हर-हर महादेव की गूंज से पूरा मंदिर परिसर शिवमय हो रहा है. वहीं श्रद्धालु भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार करते दिखाई दिए.. दक्ष मंदिर के मुख्य पुजारी स्वामी विशेश्वर पुरी महाराज का कहना है कि सावन में शिवरात्रि पर भोलेनाथ का अभिषेक करने का विशेष महत्व है. सावन मास में कोई भी भगवान शिव का जलाभिषेक या पूजा करता है तो उसकी सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं. मान्यता है कि सावन में साक्षात रूप में दक्षेश्वर महादेव मंदिर में भगवान शिव विराजमान रहते हैं और यही से सृष्टि का संचालन करते हैं.

