दिल्ली: बिहार की राजनीति में आज एक नया अध्याय जुड़ गया है. भारतीय जनता पार्टी ने पहली बार राज्य में अपना मुख्यमंत्री बनाने का फैसला लिया है. भाजपा विधायक दल की बैठक मेंसम्राट चौधरी को सर्वसम्मति से नेता चुन लिया गया है. इसके साथ ही पिछले कई दशकों से चले आ रहे नीतीश कुमार के नेतृत्व वाले युग पर विराम लग गया है.
सम्राट चौधरी का राजनीतिक सफर काफी दिलचस्प रहा है. राजद और जदयू में अपनी सेवाएं देने के बाद भाजपा में शामिल हुए सम्राट चौधरी ने बहुत कम समय में अपनी नेतृत्व क्षमता साबित की. दो बार उपमुख्यमंत्री रहने के बाद अब वे बिहार की कमान संभालेंगे. सूत्रों के अनुसार, खुद नीतीश कुमार ने भी सम्राट चौधरी के नाम पर अपनी सहमति जताई थी, जिसके बाद भाजपा आलाकमान ने उनके नाम पर मुहर लगाई.
#WATCH | Patna: Samrat Choudhary unanimously elected as the Leader of the BJP Legislative Party in Bihar. pic.twitter.com/Xd3reazFt4
— ANI (@ANI) April 14, 2026
वीर चंद्र पटेल मार्ग स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आज भारी उत्साह देखा गया. केंद्रीय पर्यवेक्षक शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में हुई विधायक दल की बैठक में जैसे ही सम्राट चौधरी के नाम का प्रस्ताव पारित हुआ, पूरा कार्यालय ‘जय श्रीराम’ और नारों से गूंज उठा. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने फूलों का हार पहनाकर भावी मुख्यमंत्री का स्वागत किया.
विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद अब सम्राट चौधरी जल्द ही लोकभवन जाकर नई सरकार बनाने का औपचारिक दावा पेश करेंगे. एनडीए के सभी घटक दलों की संयुक्त बैठक होगी, जिसमें सम्राट चौधरी को एनडीए गठबंधन का नेता घोषित किया जाएगा.

