दिल्ली: सम्राट चौधरी ने बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है. वह बिहार में भारतीय जनता पार्टी के पहले सीएम बन गए हैं. राज्यपाल अता हसनैन ने उन्हें सीएम पद की शपथ दिलाई है. नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद बिहार को नया मुख्यमंत्री मिल गया है. उनके साथ जदयू के बिजेंद्र यादव और विजय कुमार चौधरी ने उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली है.
पिछले कई दिनों से बिहार में बड़ा सियासी घटनाक्रम देखने को मिल रहा था. सम्राट चौधरी शुरू से ही सीएम पद के प्रबल दावेदार माने जा रहे थे. मंगलवार (14 अप्रैल) को उन्हें बीजेपी विधायक दल का नेता चुना गया. इसके बाद उन्होंने राज्यपाल के समक्ष सरकार बनाने का दावा पेश किया.
आज श्री @samrat4bjp जी ने बिहार के माननीय मुख्यमंत्री के रूप में निष्पक्षता, समर्पण और जनसेवा के संकल्प के साथ शपथ ग्रहण किया।
इस अवसर पर माननीय पूर्व मुख्यमंत्री श्री @NitishKumar जी, माननीय राष्ट्रिय अध्यक्ष श्री @NitinNabin जी माननीय पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष व स्वास्थ्य मंत्री… pic.twitter.com/EyX6ZJm9n7
— BJP Bihar (@BJP4Bihar) April 15, 2026
नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल युनाईटेड की तरफ से दो उपमुख्यमंत्रियों ने शपथ ग्रहण की है. जेडीयू नेता बिजेंद्र यादव और विजय कुमार चौधरी को भी राज्यपाल अता हसनैन ने उपमुख्यमंत्री पद की शपद दिलाई है.
शपथ ग्रहण समारोह के बाद विजय कुमार चौधरी ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “नीतीश जी ने मुझ पर विश्वास जताया ये उसी का नतीजा है. उन्होंने बिहार को जिस रास्ते पर बढ़ाया है उसी रास्ते पर हमारी नई सरकार भी चलेगी.” वहीं बिजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा, “हम नीतीश कुमार जी के काम ही आगे बढ़ाएंगे.”
समारोह में मौजूद केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी ने कहा, “मैं नए सीएम के बनने से ख़ुश भी हूं और बेहद भावुक भी. मैं आज जो भी हूं वो नीतीश जी की वजह से हूं. उन्होंने ही 2014 में मुझे सीएम बनाया था. उनकी वजह से एक महादलित समाज से आने वाला व्यक्ति मुख्यमंत्री बना.”

