पीएम मोदी आज 71 हजार से अधिक युवाओं को देंगे सरकारी नौकरी का तोहफा - TV News Today
दिल्‍ली-एनसीआर

पीएम मोदी आज 71 हजार से अधिक युवाओं को देंगे सरकारी नौकरी का तोहफा

दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए नवनियुक्त 71 हजार से अधिक नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे. प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा जारी एक बयान में कहा गया कि वह रोजगार मेले के अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित भी करेंगे.

बयान में कहा गया, ‘यह युवाओं को राष्ट्र निर्माण और आत्म-सशक्तिकरण में उनकी भागीदारी के लिए सार्थक अवसर प्रदान करेगा. रोजगार मेला देश भर में 45 स्थानों पर आयोजित किया जाएगा. ये भर्तियां केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों के लिए हो रही है. देश भर से चयनित ये अभ्यर्थी गृह मंत्रालय, डाक विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय तथा वित्तीय सेवा विभाग सहित विभिन्न मंत्रालयों व विभागों में शामिल होंगे.

इस महीने की शुरुआत में केंद्र ने राज्यसभा में एक प्रश्न के उत्तर में कहा था कि रिक्त पदों का होना और उनका भरना एक सतत प्रक्रिया है तथा रिक्तियों का विवरण संबंधित मंत्रालयों या विभागों द्वारा रखा जाता है. केंद्रीय कार्मिक राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने 5 दिसंबर को राज्यसभा में एक लिखित जवाब में बताया कि केंद्र सरकार के मंत्रालयों या विभागों को समय-समय पर रिक्त पदों को समयबद्ध तरीके से भरने का निर्देश दिया गया.

वह केंद्र सरकार के सभी मंत्रालयों और विभागों में आज तक विभागवार रिक्तियों की कुल संख्या का ब्यौरा मांगे गए एक प्रश्न का उत्तर दे रहे थे. एक अन्य प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि सरकारी विभागों में संविदा पर नियुक्तियां सामान्य वित्तीय नियम, 2017 के प्रावधानों के अनुसार, व्यक्तिगत मंत्रालयों व विभागों द्वारा उनकी आवश्यकताओं के आधार पर की जाती हैं.

मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा 22 अक्टूबर 2022 को शुरू किए गए रोजगार मेलों में मिशन मोड में रिक्त पदों को भरा गया. विभिन्न राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के 40-45 शहरों में केंद्रीय स्तर पर 13 रोजगार मेले आयोजित किए गए. रोजगार मेलों के दौरान सौंपे गए केन्द्र सरकार से संबंधित भर्ती पत्रों की संख्या के विवरण संबंधी प्रश्न के अलग से उत्तर में उन्होंने कहा कि रोजगार मेलों के दौरान कई लाख नियुक्ति पत्र जारी किए गए हैं.

सिंह ने कहा कि विभिन्न भर्तियों का विवरण संबंधित मंत्रालयों व विभागों, केन्द्रीय सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रमों और संबंधित भर्ती एजेंसियों जैसे संघ लोक सेवा आयोग, कर्मचारी चयन आयोग, रेलवे भर्ती बोर्ड, बैंकिंग कार्मिक चयन संस्थान आदि द्वारा रखा जाता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *