दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को दिल्ली मेट्रो से सफर कर दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) के शताब्दी समारोह में शिरकत की. प्रधानमंत्री शनिवार शाम करीब 6:58 बजे दिल्ली मेट्रो की येलो लाइन पर स्थित विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशन पहुंचे.
पीएम मोदी के इस वीवीआईपी दौरे को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए. येलो लाइन के विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशन के चप्पे-चप्पे पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी. पीएम मोदी का यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब भारतीय जनता पार्टी ने युवा पीढ़ी और ‘जेन-जी’ (Gen Z) मतदाताओं के बीच अपनी पैठ मजबूत करने के प्रयासों को काफी तेज कर दिया है.
#WATCH | Delhi: Prime Minister Narendra Modi traveled by the Delhi Metro today as he headed to Shri Ram College of Commerce (SRCC) to participate in the college's centenary celebrations.
(Source: DD) pic.twitter.com/pEXpKE01pK
— ANI (@ANI) September 5, 2026
प्रधानमंत्री का यह दौरा प्रतिष्ठित संस्थान SRCC के 100 वर्ष पूरे होने के ऐतिहासिक अवसर पर आयोजित शताब्दी समारोह में हिस्सा लेने के लिए हुआ. इस कार्यक्रम के चलते दिल्ली पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों ने विश्वविद्यालय प्रशासन और मेट्रो प्रबंधन के साथ मिलकर पहले ही एक विस्तृत सुरक्षा ब्लूप्रिंट तैयार कर लिया था, जिसके तहत शनिवार शाम को सुरक्षा व्यवस्था बेहद चाक-चौबंद नजर आई.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिल्ली मेट्रो यात्रा की शुरुआत 25 अप्रैल 2015 से हुई. वह धौला कुआं मेट्रो स्टेशन से द्वारका की ओर गए थे. उन्हें नेशनल इंटेलिजेंस अकादमी के एक कार्यक्रम में शामिल होना था. सड़क मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था के कारण आम लोगों को होने वाली परेशानी को देखते हुए उन्होंने मेट्रो से जाना चुना था. यह उनकी प्रधानमंत्री बनने के बाद पहली दिल्ली मेट्रो यात्रा थी. इस यात्रा के बाद प्रधानमंत्री ने दिल्ली मेट्रो के सफर का अनुभव साझा करते हुए इसे पसंद करने की बात कही थी.
बता दें कि नरेंद्र मोदी इससे पहले 2013 में गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए SRCC पहुंचे थे. उस समय उन्होंने कॉलेज के छात्रों को संबोधित किया था. करीब 13 साल बाद दोबारा SRCC परिसर पहुंचने का मौका कॉलेज के लिए खास माना जा रहा है. शिक्षक दिवस और कॉलेज के शताब्दी वर्ष के एक साथ होने से इस कार्यक्रम का महत्व और बढ़ गया है.

