दिल्‍ली-एनसीआर

पीएम मोदी ने चुनावी बॉन्ड पर अपने जवाब से विपक्ष को किया शांत

दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनावी बॉन्ड के मुद्दे से उनकी सरकार को झटका लगने की बात खारिज करते हुए कहा कि कोई भी सिस्टम पूरी तरह से सही नहीं है और खामियों को दूर किया जा सकता है. उन्होंने यह भी कहा कि इस विषय पर हंगामा करने वाले लोगों को पछतावा होगा.

टीवी को दिए इंटरव्यू के दौरान जब पीएम मोदी यह पूछा गया कि क्या चुनावी बॉन्ड डिटेल से सत्तारूढ़ बीजेपी को झटका लगा है, तो उन्होंने कहा, मुझे बताइए कि हमने ऐसा क्या कर दिया कि मैं इसे एक झटके के तौर पर देखूं. मेरा दृढ़ विश्वास है कि जो इसे को लेकर हंगामा कर रहे हैं और इसपर गर्व कर रहे हैं उन्हें पछतावा होगा.

प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार की चुनावी बॉन्ड योजना के कारण ही चंदे के स्रोतों और इसके लाभार्थियों का पता लगाया जा सका. उन्होंने कहा कि अगर आज जानकारी उपलब्ध हुई है तो उसकी वजह बॉन्ड हैं. उन्होंने सवाल किया कि क्या कोई एजेंसी 2014 में उनके केंद्र की सत्ता में आने से पहले के चुनावों के लिए धन के स्रोत और उनके लाभार्थियों के बारे में बता सकती है. उन्होंने कहा, कोई भी प्रणाली बिल्कुल सही नहीं होती. कुछ खामियां हो सकती हैं, जिन्हें दूर किया जा सकता है.

विपक्षी दलों ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद हुए खुलासे का हवाला देते हुए सरकार के प्रति हमलवार रुख अपना रखा है. कोर्ट ने गुमनाम तरीके से चंदा देने को असंवैधानिक घोषित करते हुए चुनावी बॉन्ड से संबंधित सभी जानकारी सार्वजनिक करने का निर्देश दिया था. आपराधिक जांच का सामना कर रहीं कई कंपनियों ने बड़ी मात्रा में बॉन्ड खरीदे थे.

साक्षात्कार के दौरान मोदी ने इस बात पर जोर दिया कि किसी को उनके हर काम में राजनीति नहीं देखनी चाहिए. उन्होंने कहा कि वह देश के लिए काम करते हैं और तमिलनाडु देश की बड़ी ताकत है. यह पूछे जाने पर कि 10 साल तक सत्ता में रहने के बाद भी उन्हें 400 से ज्‍यादा सीटें जीतने के बारे में कितना आत्मविश्‍वास है, उन्होंने कहा कि देश की जनता भाजपा और एनडीए के लिए ऐसी ही जीत की आकांक्षा रखती है। उन्होंने कहा कि उनका ध्यान 2047 में भारत को विकसित बनाने पर है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *