दिल्ली: राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की आज संसद भवन में बैठक हो रही है. इस बैठक में ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर पीएम मोदी को सम्मानित किया गया. इससे पहले जब पीएम मोदी इस बैठक में शामिल होने के लिए पहुंचे तो एनडीए के सभी घटक दलों के नेताओं ने ‘हर-हर महादेव’ कहकर उनका स्वागत किया. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पीएम मोदी को माला पहनाकर स्वागत किया. इसके बाद संसद भवन का ऑडिटोरियम ताली की गड़गड़ाहट से गूंज उठा.
ताजा जानकारी के मुताबिक पीएम मोदी इस बैठक को संबोधित भी करेंगे. वहीं, इस बैठक की सबसे खास बात यह रही कि सबसे आगे की पंक्ति में महिला सांसदों को जगह दी गई. बता दें. राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के घटक दलों की यह बैठक काफी समय बाद हो रही है. यह बैठक इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि उपराष्ट्रपति पद का चुनाव होने जा रहा है. ऐसे में सभी दलों को साथ लेकर चलना भारतीय जनता पार्टी के लिए जरूरी है. वहीं, नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया भी गुरुवार 7 अगस्त से शुरू होने जा रही है. चुनाव 9 सितंबर को होना है.
#WATCH | Delhi: PM Narendra Modi was welcomed and felicitated with a thunderous applause amid chants of 'Har Har Mahadev', after the success of Operation Sindoor and Operation Mahadev, at the NDA Parliamentary Party Meeting. pic.twitter.com/DO4SjNPOAh
— ANI (@ANI) August 5, 2025
जगदीप धनखड़े के उपराष्ट्रपति पद से इस्ताफा देने के बाद एनडीए को अपने कैंडीडेट की घोषणा इस महीने की 21 अगस्त तक करनी है. इसी दिन संसद का मॉनसून सत्र की समाप्ति भी हो रही है. उपराष्ट्रपति पद के चुनाव में केवल लोकसभा और राज्यसभा के सांसद ही शामिल होते हैं.
बता दें, यह बैठक ऐसे समय में हो रही है जब बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर चर्चा की विपक्ष की मांग को लेकर संसद की कार्यवाही बार-बार बाधित हो रही है. विपक्ष ने एसआईआर प्रक्रिया को वापस लेने की भी मांग की है. सोमवार को विपक्षी सांसदों के लगातार विरोध के चलते लोकसभा में राष्ट्रीय खेल प्रशासन विधेयक, 2025 और राष्ट्रीय डोपिंग रोधी (संशोधन) विधेयक, 2025 पर चर्चा नहीं हो सकी. इस बीच, इंडिया ब्लॉक के नेता मंगलवार को संसद पुस्तकालय भवन में, राज्यसभा में विपक्ष के नेता के कार्यालय में बैठक करेंगे.
बैठक के बाद, गठबंधन के सांसद सुबह 10:30 बजे संसद भवन स्थित मकर द्वार के सामने बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के खिलाफ धरना देंगे. यह धरना ‘हमारा वोट, हमारा अधिकार, हमारी लड़ाई’ के नारे के साथ होगा. लोकसभा की कार्यवाही आज पूर्व सांसदों तिलकधारी प्रसाद सिंह, राम रति बिंद और शिबू सोरेन के निधन पर श्रद्धांजलि के साथ शुरू होगी.
लोकसभा सचिवालय द्वारा जारी कार्यसूची के अनुसार, केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया राष्ट्रीय डोपिंग रोधी अधिनियम, 2022 में संशोधनों को सदन में विचार और पारित कराने के लिए पेश करेंगे. केंद्रीय खेल मंत्री संसद के निचले सदन में राष्ट्रीय खेल प्रशासन विधेयक, 2025 भी पेश करेंगे.

