दिल्ली: ईरान युद्ध के कारण ईंधन की बढ़ती कीमतों के बीच केंद्र सरकार पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी घटा दी है. पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी 13 रुपये से घटाकर 3 रुपये और डीजल पर 10 रुपये से घटाकर शून्य रुपये कर दी है. अब पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी 3 रुपये प्रति लीटर और डीजल पर शून्य हो गई है. इससे फिलहाल पेट्रोल-डीजल के दाम नहीं बढ़ेंगे.
यह कटौती ईरान युद्ध के बीच तेहरान द्वारा होर्मुज स्ट्रेट पर लगाए गए ब्लॉकेड के कारण ग्लोबल एनर्जी संकट के बीच की गई है, जिसके जरिये दुनिया के क्रूड ऑयल और गैस सप्लाई का पांचवां हिस्सा – हर दिन 20 से 25 मिलियन बैरल – भेजा जाता है.
देर रात जारी नोटिफिकेशन में, वित्त मंत्रालय ने कहा कि ये फैसला, तुरंत लागू होगा.
International crude prices have gone through the roof in the last 1 month from around 70 dollars/barrel to around 122 dollars/barrel. Consequently, petrol and diesel prices for consumers have gone up all over the world. Prices have increased by around 30%-50% in South East Asian…
— Hardeep Singh Puri (@HardeepSPuri) March 27, 2026
सरकार के इस फैसले के बाद पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने एक्स पोस्ट में कहा कि सरकार ने अपने कर राजस्व पर भारी असर डाला है ताकि तेल कंपनियों का बहुत अधिक नुकसान (पेट्रोल के लिए लगभग 24 रुपये/लीटर और डीजल के लिए 30 रुपये/लीटर) कम हो सके, जब इंटरनेशनल कीमतें आसमान छू रही हैं. साथ ही, एक्सपोर्ट टैक्स लगाया गया है क्योंकि पेट्रोल और डीजल की अंतरराष्ट्रीय कीमतें आसमान छू रही हैं और दूसरे देशों को एक्सपोर्ट करने वाली किसी भी रिफाइनरी को एक्सपोर्ट टैक्स देना होगा. इस बड़े फैसले के लिए मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण का शुक्रिया अदा करता हूं.
सरकार ने यह कदम पेट्रोलियम कंपनियों को राहत देने के लिए उठाया है, जो वर्तमान में उच्च दामों पर कच्चा तेल खरीद रही हैं. ईरान युद्ध के कारण ब्रेंट क्रूड $100 प्रति बैरल पहुंच गया है, जो हाल ही में $119 प्रति बैरल के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था.
पश्चिम एशिया में संघर्ष के बीच देश में ईंधन को लेकर मारा-मारी देखने को मिल रही है. देश के कुछ हिस्सों में पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें देखी जा रही हैं. कई पेट्रोल पंपों पर नो स्टॉक का बोर्ड देखा गया. हालांकि, सरकार का कहना है कि भारत में कच्चे तेल का प्रर्याप्त भंडार है. देश भर में किसी भी पेट्रोल पंप पर पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है.
इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन ने ग्राहकों को भरोसा दिलाया है कि उसके पेट्रोल पंप पूरी तरह से भरे हुए हैं और सुचारू रूप से काम कर रहे हैं. हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने भी ग्राहकों को भरोसा दिलाया कि देश में पेट्रोल, डीजल या LPG की कोई कमी नहीं है.
अफवाहों से आगाह करते हुए सरकार ने लोगों से अपील की है कि घबारएं नहीं, जमाखोरी के मामलों की रिपोर्ट करें और सिर्फ आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें.

