दिल्‍ली-एनसीआर

दिल्ली को मिली 33 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों और 17 जन औषधि केंद्रों की सौगात, सीएम और मंत्रियों ने किया उद्घाटन

दिल्ली: जनता को मंगलवार को 33 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिरों और 17 नए जन औषधि केंद्रों की सौगात मिली. सीएम रेखा गुप्ता, केंद्रीय मंत्रियों, दिल्ली सरकार के मंत्रियों और भाजपा सांसदों ने अलग जगहों पर इनका उद्घाटन किया. उद्घाटन कार्यक्रम का सिलसिला सुबह नौ बजे से शुरू हुआ जो करीब एक घंटे तक चला.

सीएम रेखा गुप्ता ने तीस हजारी कोर्ट परिसर में दिल्ली बार एसोसिएशन कार्यालय के पीछे बनाए गए आयुष्मान आरोग्य मंदिर का उद्घाटन किया, वहीं पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा ने अपने नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र के बाबर रोड स्थित डिस्पेंसरी और सरोजिनी नगर स्थित डिस्पेंसरी में आयुष्मान आरोग्य मंदिर का उद्घाटन किया. उधर दिल्ली के पर्यटन, विकास व कानून मंत्री कपिल मिश्रा ने अपने विधानसभा क्षेत्र करावल नगर के खजूरी खास में आयुष्मान आरोग्य मंदिर का उद्घाटन किया.

इसके अलावा केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने पूर्वी दिल्ली के गीता कॉलोनी में आयुष्मान आरोग्य मंदिर का लोकार्पण किया. इसी तरह स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने गुप्ता एनक्लेव स्थित पुराने बारात घर में आयुष्मान आरोग्य मंदिर का लोकार्पण किया. वहीं दिल्ली के गृह, ऊर्जा, शिक्षा और शहरी विकास मंत्री आशीष सूद ने जनकपुरी ए ब्लॉक स्थित एसएस मोटा कम्युनिटी सेंटर में आयुष्मान आरोग्य मंदिर का उद्घाटन किया.

उत्तर पूर्वी दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी ने बी ब्लॉक यमुना विहार में आयुष्मान आरोग्य मंदिर का उद्घाटन किया. वहीं सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने शालीमार बाग के एपी ब्लॉक में स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर का उद्घाटन किया. बता दें कि, भाजपा सरकार के गठन के साथ ही आम आदमी पार्टी सरकार के समय बनाए गए मोहल्ला क्लीनिकों के आयुष्मान आरोग्य मंदिर में बदलने और कई जगह नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर खोलने की कवायद शुरू हो गई थी. दिल्ली की भाजपा सरकार ने घोषणा की थी कि दिल्ली में 1139 आयुष्मान आरोग्य मंदिर बनाए जाएंगे, जिनमें मोहल्ला क्लिनिकों से भी ज्यादा अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी.

आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में लोग बीमारियों के इलाज के साथ छोटी-मोटी सर्जरी भी करा सकेंगे. दिल्ली सरकार के 100 दिन पूरे हो चुके हैं और अब दिल्ली सरकार आयुष्मान आरोग्य मंदिर बनाने के अपने वायदे को पूरा करने की दिशा में एक और कदम बढ़ाने की ओर है. मंगलवार को एक साथ 33 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों को जनता को समर्पित किया गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *