दिल्‍ली-एनसीआर

दिल्ली CM रेखा गुप्ता की गृह मंत्री अमित शाह के साथ अहम बैठक, विभिन्न मुद्दों पर हुई चर्चा

दिल्ली: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज केंद्रीय गृह व सहकारिता मंत्री अमित शाह से शिष्टाचार भेंट की. मुख्यमंत्री ने गृह मंत्री से दिल्ली से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की और उनके बहुमूल्य मार्गदर्शन के लिए आभार जताया. मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि केंद्रीय गृह मंत्री से हुई बातचीत सौहार्द्रपूर्ण, रचनात्मक एवं अत्यंत सार्थक रही. यह बैठक दिल्ली के विकास और जनकल्याण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर केंद्रित रही. मुख्यमंत्री ने गृहमंत्री को जानकारी दी कि डबल इंजन की सरकार का लाभ दिल्ली को प्रभावी रूप से मिल रहा है.

मुख्यमंत्री ने कहा; ”केंद्र सरकार के इसी योगदान के तहत हमने 100 दिन में किए गए वादों को तय समय में पूरा किया. हमारी सरकार ‘विकसित दिल्ली’ की अवधारणा पर काम कर रही है, जिसमें केंद्र सरकार का सहयोग मिल रहा है. यह सहयोग सरकार के लिए प्रेरणादायी भी है.” सीएम ने केंद्र सरकार के 11 वर्षों के कार्यकाल पर शुभकामनाएं भी दी और कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी साख को सुदृढ़ किया है और आंतरिक सुरक्षा, सहकारिता आंदोलन और गरीबों के उत्थान में अभूतपूर्व प्रगति हुई है.

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि केंद्र सरकार का अनुभव, दिशा-निर्देश और नेतृत्व राजधानी दिल्ली के लिए अत्यंत आवश्यक है. बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर लिखा,” आज माननीय केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से शिष्टाचार भेंट कर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया. राष्ट्रसेवा, संगठन और सुशासन के प्रति उनका दृष्टिकोण और नेतृत्व हम सभी जनप्रतिनिधियों के लिए प्रेरणास्रोत है. दिल्ली के जनहित से जुड़े विषयों पर उनसे हुई चर्चा अत्यंत विचारोत्तेजक, मार्गदर्शक और आत्मीय रही. उनके अमूल्य समय और स्नेह के लिए हृदयपूर्वक आभार.”

बता दें कि दिल्ली में बीजेपी सरकार के 100 दिन पूरे होने के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की केंद्रीय गृहमंत्री से यह पहली मुलाकात है. इस मुलाकात से ठीक एक दिन पहले दिल्ली सरकार में बड़े स्तर पर वरिष्ठ अधिकारियों का तबादला हुआ है. दिल्ली में अभी पानी की किल्लत बड़ा मुद्दा बना हुआ है और झुग्गी बस्तियों को जिस तरह साफ किया जा रहा है, विपक्ष इन सबको लेकर नई सरकार को घेरने की कोशिश में जुटी हुई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *