दिल्ली: राजधानी दिल्ली में आगामी त्योहारों विशेषकर धनतेरस और दीपावली के पीक सीजन को देखते हुए व्यापारियों के शीर्ष संगठन चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी को पत्र लिखा है. CTI ने आगामी 1 नवंबर को रामलीला मैदान में प्रस्तावित कांग्रेस की महारैली को 10 नवंबर (भैया दूज) के बाद आयोजित करने की विनम्र अपील की है. संगठन का कहना है कि त्योहारों के इस मुख्य कारोबारी समय में रैली के कारण होने वाले ट्रैफिक डायवर्जन और पुलिस बैरिकेडिंग से दिल्ली का लगभग 10 हजार करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित हो सकता है.
CTI चेयरमैन बृजेश गोयल ने पत्र में उल्लेख किया है कि दिल्ली के व्यापारी फिलहाल पूरे वर्ष के सबसे व्यस्त कारोबारी सीजन की तैयारियों में जुटे हैं. 6 नवंबर को धनतेरस, 8 नवंबर को दीपावली और 10 नवंबर को भैया दूज का पर्व मनाया जाएगा. अमूमन लोग धनतेरस से हफ्ते भर पहले से ही खरीदारी शुरू कर देते हैं. अकेले धनतेरस पर ही दिल्ली में सोना-चांदी, इलेक्ट्रॉनिक्स, कपड़ा, ऑटोमोबाइल, बर्तन, मिठाई और उपहारों समेत विभिन्न क्षेत्रों में लगभग 25 हजार करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान रहता है, जो पूरी दिल्ली की अर्थव्यवस्था का मुख्य आधार है.


