दिल्‍ली-एनसीआर

नोएडा रैली से अखिलेश यादव का चुनावी शंखनाद, 2027 में बदलाव की अपील

नोएडा: गौतमबुद्ध नगर दादरी में समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव की रैली से पश्चिमी यूपी की सियासत गरमा गई है. साल 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सपा और बीजेपी के बीच ताकत दिखाने की जंग तेज हो गई है. अखिलेश यादव गौतमबुद्ध नगर के दादरी स्थित मिहिर भोज डिग्री कॉलेज मैदान में आज बड़ी रैली कर रहे हैं. वह यहां पहुंच चुके हैं. बताया जा रहा है कि इस रैली के जरिए सपा 32 जिलों के करीब 140 विधानसभा सीटों पर अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने का संदेश देना चाहती है.

अखिलेश ने कहा कि हम कहते हैं कि जो पीड़ित हैं, वो PDA है. पीड़ा ही हमें एक सूत्र करने वाला धागा है. PDA एक पॉजिटिव और आगे बढ़ने का सामाजिक आंदोलन है, जिसने अत्याचार, अन्याय, उत्पीड़न की पीड़ा नहीं झेली है, वो हमारे दर्द को नहीं समझ सकते हैं. वो हमदर्दी तो दिखा सकते हैं, लेकिन वो हमारा दर्द महसूस नहीं कर सकते, जो हमारे घर को गंगाजल से धुलवाने पर हमें हुआ था. मंदिर जाने पर मंदिर धुलवाने पर हमने महसूस किया गया था. हम उन नकारात्मक लोगों को मिटाना नहीं चाहते हैं, बस समझाना चाहते हैं, अब दौर बदल गया है. अभी समय है, चालबाजी छोड़ दें, भेदभाव छोड़ दें, भविष्य उनका नहीं है, नहीं तो आज उनके झंडे उतर गए हैं, कल सत्ता के सिंहासन से भी उतार दिए जाएंगे.

अखिलेश यादव ने कहा कि धरती पर सबसे ज्यादा झूठ बोलने वाली अगर कोई पार्टी है तो उसका नाम नहीं लेना है, सब जानते हो. PDA सामाजिक और मानसिक परिवर्तन लाने का साधन है, इसकी शुरुआत हम आपसे कर रहे हैं. आप जानते हैं कि समय-समय पर उनका अधिकार और सम्मान छीना जाता है. सड़क से लेकर दफ्तर तक कटाक्ष होता है. अहंकारी लोग PDA के लोगों को अपमानित करते हैं. हमें सामाजिक न्याय का दौर लाना होगा. इसके लिए साल लगे या सदी, हम पीछे हटने वाले नहीं हैं.

अखिलेश ने लोगों से अपील की कि बदलाव लाइए. बदल दीजिए. इस सरकार ने 50 लाख करोड़ के MoU साइन किए. जमीन पर कुछ नहीं उतरा. 5 फीसदी के नाम जब भर गई होंगी, लेकिन जमीन पर कुछ नहीं उतरा. रोजगार के लिए नौजवान परेशान हैं. हम ट्रेनिंग देकर नौकरी दिलवाएंगे. दादरी की रैली केवल रैली नहीं है, ये हुंकार है. आने वाले समय सामाजिक न्याय के लिए PDA के लोग सरकार बनाने जा रहे हैं.

अखिलेश यादव ने नाम न लेते हुए कहा- कहते हैं कि हम लोग नोएडा नहीं आते हैं.कहते हैं कि अंधविश्वास था. हम बता देना चाहते हैं कि दोनों लोगों ने मिलकर भी अपने कार्यकर्ताओं के घर पर उतनी चाय नहीं पी होगी, जितनी हम लोगों ने अपने कार्यकर्ताओं के घर पर पी है, उन्हें सम्मान दिया है. इस नोएडा के विकास के लिए समाजवादियों का योगदान कोई भूल नहीं सकता. जिस मेट्रो में बैठकर उन लोगों ने उद्घाटन किया था दिल्ली को नोएडा से जोड़ने वाली, वो समाजवादियों ने बनाई थी. हमने दिल्ली को नोएडा से जोड़ने के लिए मेट्रो दी थी. हमारी सरकार ने नोएडा के विकास के लिए एक नहीं बल्कि कई फैसले लिए. इन लोगों के पास बताने के लिए कुछ नहीं है इसलिए इस तरह की बातें कर रहे हैं.

सपा मुखिया अखिलेश यादव ने 9वीं सदी के गुर्जर-प्रतिहार वंश के सम्राट मिहिर भोज की प्रतिमा पर माल्यापर्ण किया है. थोड़ी देर में रैली को संबोधित करेंगे. इस रैली के जरिए सपा के 2027 विधानसभा चुनाव अभियान का आगाज माना जा रहा है. सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने बताया कि रैली में 32 जिलों के कार्यकर्ताओं को बुलाया गया है. करीब 10 हजार सपा कार्यकर्ता कार्यक्रम में पहुंचे हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *