सीएम योगी ने लखनऊ में झाड़ू लगाई: चरखा चलाया, भजन गुनगुनाया; गांधी प्रतिमा पर किया माल्यार्पण - TV News Today
उत्तर प्रदेश

सीएम योगी ने लखनऊ में झाड़ू लगाई: चरखा चलाया, भजन गुनगुनाया; गांधी प्रतिमा पर किया माल्यार्पण

उत्तर प्रदेश: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के मौके पर सड़क पर स्वच्छता अभियान में भाग लेते हुए झाड़ू लगाई. साथ ही गांधी प्रेक्षाग्रह में चरखा चलाया. इसके साथ ही योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महात्मा गांधी देश के स्वतंत्रता आंदोलन में सबसे बड़े योद्धा थे. जिनको आदर्श मानकर लाखों युवा आजादी की लड़ाई में कूद पड़े थे. जिसकी वजह से आखिरकार अंग्रेजों को भारत छोड़कर भागना पड़ा था. मुख्यमंत्री ने घोषणा की है कि अगले 108 दिन तक गांधी आश्रमों में खादी उत्पादों की खरीद पर 25% छूट दी जाएगी.

महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के मौके पर लखनऊ में महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. सभी मंत्रियों ने अलग-अलग कार्यक्रमों में राष्ट्रपिता और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि अर्पित की. जगह-जगह स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया. इसके अतिरिक्त संगोष्ठी औरभजन कार्यक्रम भी आयोजित किए गए. गांधी भवन सभागार में जाने से पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पहले स्वच्छता अभियान में भाग लिया, जिसके साथ ही पूरे प्रदेश में स्वच्छता पखवाड़े की शुरुआत हो गई.

इस पखवाड़े के दौरान प्रदेश भर में नगर विकास विभाग की ओर से बड़ा सफाई अभियान चलाया जाएगा. इसके बाद में मुख्यमंत्री ने गांधी भवन संग्रहालय, सभागार और स्मारक में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की. इसके साथ ही यहां उन्होंने चरखा भी चलाया और प्रतीकात्मक रूप से खादी को बढ़ावा देने की प्रेरणा दी. इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश आज अपने राष्ट्रपिता को याद कर रहा है. इसके साथ ही हम नहीं भूल सकते हैं कि महात्मा गांधी हमारी स्वतंत्रता आंदोलन के सबसे बड़े योद्धा थे. सत्य और अहिंसा की राह पर चलते हुए महात्मा गांधी ने देश को एक ऐसा संदेश दिया, जो पूरे विश्व में अनूठा था. यहां उन्होंने चरखा चलाया और भजनों का आनंद लिया.

सीएम ने यहां खादी के वस्त्रों की खरीदारी भी की. फिर ऑनलाइन पेमेंट किया. बताया कि गांधी आश्रम में 108 दिनों तक खादी के उत्पादों पर 25 फीसदी छूट दी जाएगी. सीएम ने आह्वान किया कि इस अवधि में खादी की कोई वस्तु अवश्य खरीदें. स्वदेशी वस्तुओं को उपहार स्वरूप भेंट करें. स्वदेशी वस्तुओं के इस्तेमाल के लिए लोगों को प्रेरित करें. इससे अधिक से अधिक रोजगार का सृजन होगा और आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को भी साकार करने में मदद मिलेगी. यह राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के ग्राम स्वराज के अभियान के स्वरूप विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने में मदद करेगा. सीएम ने अपील की कि पर्व-त्योहार में विदेशी वस्तुओं की बजाय स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता दें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *