उत्तर प्रदेश: देश के 78वें स्वाधीनता दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य के लोगों से पंच प्रण का पालन करने का आह्वान किया. गुरुवार को सीएम ने पहले अपने सरकारी आवास में ध्वजारोहण किया. इस अवसर पर सीएम योगी ने राज्य के लोगों को बधाई देते हुए कहा कि देश को स्वतंत्रता कोई एक दिन में प्राप्त नहीं हुई थी. वर्षों की गुलामी से मिली आजादी पीढ़ियों के संघर्ष का परिणाम है.
इसके बाद सीएम योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा के बाहर ध्वजारोहण किया. इस मौके पर हेलीकॉप्टर से फूल बरसाए गए. साथ ही मध्यप्रदेश, असम, जम्मू कश्मीर समेत 7 राज्यों के सांस्कृतिक नृत्य भी प्रस्तुत किए गए.
78वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर आज विधान भवन, लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम की झलकियां… pic.twitter.com/3MmtbX5ueK
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) August 15, 2024
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ये वक्त नेताजी सुभाष चंद्र बोस, सरदार वल्लभ भाई पटेल, डॉ.भीमराव अंबेडकर व डॉ.श्यमा प्रसाद मुखर्जी जैसे महापुरुषों के सपनों को पूरा करने का है, उनकी जीवनी से प्रेरणा लेकर हमें देश को निर्धारित लक्ष्यों की ओर बढ़ाना होगा. देश की स्वाधीनता के लिए खुद की जान न्योछार कर देने वाले क्रांतिकारियों, स्वतंत्रता सेनानियों व सभी ज्ञात-अज्ञात वीर बलिदानियों को नमन करते हुए उनसे प्रेरणा लेनी होगी.
सीएम योगी ने कहा कि बीते 7 वर्षों में उत्तर प्रदेश प्रगति, सुरक्षा और खुशहाली की यात्रा पर बढ़ चला है, जिसकी प्रगति को सुनिश्चित करने के लिए हमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए पंच प्रण का पालन व अनुसरण करना होगा. उन्होंने कहा कि आज का ये अवसर उन महान सपूतों को स्मरण करने के साथ ही उनके संकल्पों के साथ खुद को जोड़ने का अवसर प्रदान कर रहा है. देश आजादी के अमृत काल के तीसरे चरण में प्रवेश कर चुका है. विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के द्वारा बताए गए पंच प्रण से हमें जुड़ना होगा.
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) August 15, 2024
सीएम ने कहा कि, आकांक्षात्मक विकास खंडों के माध्यम से पिछड़े विकास खंडों को विकास की मुख्य धारा के साथ जोड़ा जा रहा है. पात्र परिवारों के लिए लाभार्थीपरक योजनाओं के माध्यम से राज्य सरकार ने प्रधानमंत्री मोदी के संकल्प को आत्मसात किया है. पीएम की मंशा के अनुरूप देश को जीरो पॉवर्टी के अभियान के आगे बढ़ाने का राज्य सरकार ने भी संकल्प लिया है.
जब देश में 78वां स्वाधीनता दिवस मनाया जा रहा है तो देश की सबसे बड़ी आजादी का राज्य यूपी पीएम मोदी के जीरो पॉवर्टी के संकल्पों के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ रहा है. सीएम योगी ने कहा कि हर परिवार की फैमिली आईडी बनाकर शासन की योजनाओं को 100 फीसदी सेचुरेशन के लक्ष्य तक पहुंचाने के लिए कार्य करेंगे. इसके लिए प्रत्येक परिवार को फैमिली आईडी उपलब्ध कराई जाएगी.

