दिल्ली: दिल्ली के करोल बाग स्थित गफ्फार मार्केट में गुरुवार देर रात एक दुकान में आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही दिल्ली अग्निशमन विभाग ने तत्काल दमकल की गाड़ियों को मौके पर रवाना किया. आग की गंभीरता को देखते हुए धीरे-धीरे दमकल की गाड़ियों की संख्या बढ़ाई गई और कुल 22 यूनिटों को घटनास्थल पर भेजा गया.
घटना के मद्देजनर दमकल गाड़ियां, तीन कैट एंबुलेंस और दो पीसीआर वाहन मौके पर पहुंचे. काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया. फिलहाल इस घटना में किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं है. आग से केवल संपत्ति का नुकसान हुआ है. डीसीपी ने बताया कि शुरुआती तौर पर मोबाइल बैटरियों के ओवरहीट होने या ओवरचार्जिंग को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है.
#WATCH | Delhi: MK Chattopadhyay, Deputy Chief Fire Officer, says, "As you can see, smoke is still coming out of the building. The building does not have proper ventilation. There is only a single staircase, and each floor has approximately 14–15 shops. We are trying to… https://t.co/ecwBIugOUO pic.twitter.com/xwLgKVDqyt
— ANI (@ANI) November 6, 2026
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) ए.के. मलिक की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, आग लगने की घटना पीएन क्षेत्र के अंतर्गत पुरी प्लाजा, 13 ब्लॉक, चेन वाली गली, गफ्फार मार्केट, करोल बाग में हुई. रात करीब 1:30 बजे दुकान में आग लगने की पहली सूचना मिली. इसके बाद दमकल विभाग की दो वाटर टेंडर (WT), एक वॉटर बाउजर (WB) और एक क्विक रिस्पांस व्हीकल (QRV) को तत्काल मौके पर भेजा गया.
रात 1:35 बजे आग की कई अन्य कॉल मिलने पर एक अतिरिक्त वॉटर टेंडर और एक वाटर बाउजर भेजा गया. इस दौरान एसओ निर्मल भी घटनास्थल पर पहुंचे. रात 1:57 बजे एसटीओ रविंदर ने आग की गंभीरता को देखते हुए इसे मेक-4 घोषित किया. इसके बाद एक वॉटर टेंडर, एक वॉटर बाउजर और एक एमपी यूनिट के साथ एडीओ आरके सिन्हा को मौके पर भेजा गया.
रात 3:11 बजे एडीओ आरके सिन्हा ने आग को मेक-6 घोषित किया. इसके बाद तीन वॉटर बाउजर और अधिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों की तैनाती की गई. सुबह 3:45 बजे डीओ मुकेश वर्मा ने आग को मीडियम श्रेणी का घोषित किया. इसके बाद दमकल विभाग ने अभियान को और व्यापक करते हुए पांच वॉटर टेंडर, दो वॉटर बाउजर, एक एमपी, एक आईआरटी और एक एचटी यूनिट सहित अतिरिक्त संसाधन मौके पर भेजे. घटनास्थल पर कुल 22 यूनिटों में 9 वॉटर टेंडर, 8 वॉटर बाउजर, एक क्यूआरवी, दो एमपी, एक आईआरटी और एक एचटी यूनिट तैनात की गईं.
#WATCH | Delhi: Mukesh Verma, Divisional Officer, Delhi Fire Service says, "We received information around 1:30 AM that there was a fire inside shops in Gali Chain Wali, Gaffar Market. Four of our fire tenders reached the spot immediately. Given the situation, the category of the… https://t.co/bnxIoQ2Uqk pic.twitter.com/tGLZDKzIM9
— ANI (@ANI) November 6, 2026
व्यापार मंडल ने जताई चिंता, बाजारों के फायर सेफ्टी ऑडिट की मांग
गफ्फार मार्केट में लगी भीषण आग की घटना पर दिल्ली व्यापार महासंघ (रजि.) ने गहरी चिंता जताई है. व्यापार मंडल ने कहा कि त्योहारों और शादियों के सीजन में दिल्ली के बाजारों में कारोबार काफी बढ़ जाता है. ऐसे समय में इस तरह की आग की घटनाएं व्यापारियों, कर्मचारियों, ग्राहकों और आसपास की दुकानों के लिए गंभीर खतरा पैदा करती हैं.
दिल्ली व्यापार महासंघ ने दिल्ली सरकार और संबंधित विभागों से मांग की है कि घटना की तत्काल जांच कराई जाए और सभी व्यावसायिक बाजारों में व्यापक फायर सेफ्टी ऑडिट किया जाए. साथ ही बिजली के कनेक्शनों और वायरिंग की जांच, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता और आपातकालीन रास्तों को अतिक्रमण मुक्त रखने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए. महासंघ ने व्यापारियों और बाजार एसोसिएशनों से भी अपील की है कि वे बिजली के ओवरलोडिंग से बचें, दुकानें बंद करते समय गैर-जरूरी बिजली कनेक्शन बंद रखें, अग्निशमन यंत्रों को चालू हालत में रखें और आपातकालीन निकास मार्गों को हमेशा खुला रखें.

