ग्रेटर नोएडा: जे.एम. इंटरनेशनल स्कूल में हिंदी दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों ने उत्साह और उल्लास के साथ विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लिया. कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति प्रेम, सम्मान और गौरव की भावना विकसित करना था.
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने हिंदी दिवस के महत्व पर सुंदर एवं भावपूर्ण कविताएँ प्रस्तुत कीं. अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियों के माध्यम से उन्होंने हिंदी के महत्व और दैनिक जीवन में इसके प्रयोग पर अपने विचार व्यक्त किए. विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती भावना खत्री ने विद्यार्थियों को हिंदी दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि हिंदी केवल एक भाषा नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपरा और भावनाओं को जोड़ने वाली सशक्त कड़ी है.
विद्यालय में आगामी 24 सितंबर को कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों के लिए समूह काव्य प्रतियोगिता तथा 25 सितंबर को कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा. विद्यार्थी इन कार्यक्रमों के लिए उत्साहपूर्वक तैयारी कर रहे हैं. विद्यालय का यह आयोजन विद्यार्थियों में हिंदी के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उनकी सृजनात्मकता, आत्मविश्वास और मंचीय अभिव्यक्ति को विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है.
“हिंदी है हमारी शान,
हिंदी से बढ़े भारत का मान।”

