दिल्‍ली-एनसीआर

नरेला इंडस्ट्रियल एरिया में प्लास्टिक फैक्ट्री में भीषण आग, दमकल कर्मियों ने एक घंटे में पाया काबू

दिल्‍ली: राजधानी दिल्ली के नरेला इंडस्ट्रियल एरिया में गुरुवार सुबह प्लास्टिक ग्रेन्यूल्स फैक्ट्री के बेसमेंट में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया. आग इतनी तेजी से फैली कि शुरुआती चार दमकल गाड़ियों के बाद अतिरिक्त दमकल यूनिट्स और ब्रीदिंग अपरेटस को मौके पर बुलाना पड़ा. दमकलकर्मियों की तत्परता से आग को फैक्ट्री की ऊपरी मंजिलों तक फैलने से रोक लिया गया. राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है.

दिल्ली फायर सर्विस के मुताबिक, सुबह करीब 9:22 बजे नरेला इंडस्ट्रियल एरिया के जी-1112 स्थित प्लास्टिक ग्रेन्यूल्स फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली. सूचना मिलते ही भोरगढ़ फायर स्टेशन से दो वाटर टेंडर और दो वाटर बाउजर मौके के लिए रवाना किए गए. शुरुआती राहत एवं बचाव अभियान की कमान एसटीओ विजय दहिया और एसओ नरेश ने संभाली.

मौके पर पहुंचने के बाद दमकल कर्मियों ने देखा कि बेसमेंट में आग काफी विकराल रूप ले चुकी थी. स्थिति को देखते हुए सुबह 9:50 बजे एसटीओ विजय दहिया ने अतिरिक्त दमकल वाहनों और बीए सेट की मांग की. इसके बाद एक और वाटर टेंडर, एक वाटर बाउजर और बीए सेट से लैस टीम को मौके पर भेजा गया. इस टीम की कमान एसओ जगबीर ने संभाली.

आग की गंभीरता को देखते हुए सुबह 11:15 बजे ‘मेक-4’ घोषित किया गया और अतिरिक्त संसाधन मौके पर भेजे गए. कुल 10 दमकल वाहन राहत एवं बचाव अभियान में लगाए गए, जिनमें 3 वाटर टेंडर, 4 वाटर बाउजर, 2 मल्टीपर्पज वाहन और 1 आईआरटी (बीए सेट) शामिल रहे. दमकल विभाग के अधिकारियों एडीओ नितिन, एसटीओ विजय दहिया, एसओ नरेश और एसओ जगबीर की निगरानी में लगातार अभियान चलाया गया.

दमकल कर्मियों की त्वरित कार्रवाई से आग पर करीब एक घंटे के भीतर काबू पा लिया गया और इसे फैक्ट्री की ऊपरी मंजिलों तक फैलने से रोक दिया गया. फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है. साथ ही, आग से हुए नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *