नोएडा: सेक्टर- 18 की मल्टीलेवल पार्किंग में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब वहां एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ. सुबह के वक्त पार्किंग में शव देखे जाने की सूचना तुरंत स्थानीय लोगों और सुरक्षाकर्मियों ने पुलिस को दी. सूचना मिलते ही थाना सेक्टर 20 की पुलिस टीम फौरन दल-बल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मृतका की पहचान न हो पाने के कारण यह पूरा मामला बेहद रहस्यमयी बन गया है.
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच और मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ के बाद भी मृतका की शिनाख्त नहीं हो सकी है. महिला के पास से ऐसा कोई दस्तावेज या सामान नहीं मिला है, जिससे उसकी पहचान तुरंत की जा सके. मृतका की शिनाख्त को पुलिस इस केस की सबसे पहली और अहम कड़ी मान रही है. इसके लिए नोएडा और ग्रेटर नोएडा के साथ-साथ दिल्ली-एनसीआर के सभी थानों से संपर्क साधा गया है.

