दिल्‍ली-एनसीआर

ग्रेटर नोएडा: गैस सिलेंडर ब्लास्ट से दहला लेबर कैंप, टीनशेड की झोपड़ियों में लगी भीषण आग

ग्रेटर नोएडा:  थाना बादलपुर क्षेत्र स्थित कचेड़ा गांव के एक लेबर कैंप में एलपीजी (LPG) गैस सिलेंडर फटने से भीषण आग लग गई. आग इतनी भयानक थी कि देखते ही देखते टीनशेड की झोपड़ियां इसकी चपेट में आ गईं. आग इतनी भीषण थी कि इसकी लपटें गाजियाबाद से ही नजर आ रहीं थीं. वहां के लोगों द्वारा आग का वीडियो बनाया गया. राहत कि बात रही कि इस घटना में किसी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई है.

रात करीब 10:50 बजे एक निजी कंस्ट्रक्शन कंपनी के टीनशेड वाले लेबर कैंप में आग लगने की सूचना मिली. आग की शुरुआत टीनशेड की एक झोपड़ी में रखे छोटे घरेलू एलपीजी (LPG) गैस सिलेंडर में लीकेज और उसके फटने की वजह से हुई. आग ने बेहद विकराल रूप धारण कर लिया और तेजी से पास के अन्‍य टीनशेड्स में भी फैल गई. सीएफओ ने बताया कि सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर सर्विस की टीमें बिना वक्त गंवाए तत्काल मौके पर पहुंचीं.

आग की गंभीरता को देखते हुए नोएडा और गाजियाबाद की दमकल की 6 गाड़ियों को काम पर लगाया गया. दमकलकर्मियों ने करीब 45 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया. इस पूरे हादसे में सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि समय रहते रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू होने के कारण कोई जनहानि नहीं हुई है. घटना में किसी भी मजदूर या व्यक्ति के घायल होने की खबर नहीं है. फायर सर्विस द्वारा स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में कर लिया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *