गाजियाबाद: साहिबाबाद थाना क्षेत्र स्थित राजेंद्र नगर में टायर बनाने वाली फैक्ट्री में मंगलवार सुबह भीषण आग लगने से इलाके में अफरा तफरी का माहौल बन गया.
सुबह करीब साढ़े 7 बजे साहिबाबाद फायर स्टेशन को सूचना मिली कि थाना साहिबाबाद क्षेत्र के राजेंद्र नगर में स्थित एक टायर फैक्ट्री में आग लग गई है. सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई. साहिबाबाद फायर स्टेशन से दो फायर टेंडर और कोतवाली एवं वैशाली फायर स्टेशन से एक-एक फायर टेंडर घटना स्थल के लिए रवाना किए गए.

मौके पर पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम ने देखा कि फैक्ट्री के आगे के हिस्से में आग तेजी से फैल रही थी. आग की भयावहता को देखते हुए दमकल कर्मियों ने तत्काल हौज लाइन बिछाकर आग बुझाने का काम शुरू किया. हालांकि, आग धीरे-धीरे फैक्ट्री के अंदर तक फैल चुकी थी. जिसके कारण दमकल कर्मियों के लिए सीधे अंदर प्रवेश करना काफी मुश्किल हो रहा था. आग को तुरंत बुझाना बेहद आवश्यक था नहीं तो आग फैक्ट्री के अन्य हिस्सों में भी फैल सकती थी.

अग्निशमन विभाग की टीम द्वारा फैक्ट्री की एक दीवार को तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया और आग पर काबू पाने का प्रयास तेज किया गया. फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में टायर रखे हुए थे. जिनमें आग लगने के कारण आग बुझाने का कार्य और अधिक चुनौती पूर्ण हो गया. टायरों में लगी आग लंबे समय तक धधकती रही और सामान्य पानी से आग पर पूरी तरह से नियंत्रण पाना मुश्किल होता चला गया. इसी वजह से दमकल विभाग ने फैक्ट्री के भीतर फोम की पंपिंग कर आग को नियंत्रित करने का प्रयास किया.
अग्निशमन विभाग की सूझबूझ और तत्परता के चलते आग को आसपास स्थित अन्य फैक्ट्रीयों तक फैलने से रोक लिया गया. यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की जाती तो आग आसपास की औद्योगिक प्रतिष्ठानों को भी चपेट में ले सकती थी. जिससे बड़ा नुकसान हो सकता था.

