दिल्ली: लोदी रोड स्थित श्री सत्य साईं ऑडिटोरियम में रविवार शाम धर्म, समाज सेवा और संगीत का अद्भुत संगम देखने को मिला. वीरलेश संसार (पंजी) गौरी गंगा गऊ धर्मधाम वृद्व अनाथ आश्रम संस्था द्वारा आयोजित भव्य सांस्कृतिक एवं समाजसेवी कार्यक्रम ‘मधुर गीतों भरी शाम’ में करीब 800 से अधिक लोगों ने भाग लिया और देर रात तक पुराने एवं नए मधुर गीतों का आनंद उठाया.
कार्यक्रम की खास बात यह रही कि यह आयोजन केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि समाज सेवा के प्रति लोगों को जागरूक करने और जरूरतमंदों की सहायता के संकल्प को मजबूत करने का माध्यम भी बना. कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने संस्था की सामाजिक गतिविधियों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक पहल बताया.

इस अवसर पर दिल्ली एवं आसपास के क्षेत्रों में समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय कई प्रमुख हस्तियों को ‘महाराजा अग्रसेन अवॉर्ड’ देकर सम्मानित किया गया. सम्मान पाने वालों में कारगिल युद्ध के वीर योद्धा कैप्टन अवनीश सक्सेना, उनके परिवार की ओर से प्रतिनिधि सदस्य, अर्के पुरम निवासी सामाजिक कार्यकर्ता सुनील कपूर सहित राजधानी के कई समाजसेवी शामिल रहे. उपस्थित लोगों ने सम्मानित अतिथियों का जोरदार तालियों से स्वागत किया.
संस्था के संस्थापक अरविंद सक्सेना ने अपने संबोधन में संस्था की स्थापना के पीछे की प्रेरणा साझा की. उन्होंने बताया कि करीब चार दशक पहले उन्होंने एक सपना देखा था कि समाज के जरूरतमंद लोगों के जीवन में आशा की नई किरण लाई जाए. आज वही सपना साकार होता दिखाई दे रहा है. उन्होंने कहा कि संस्था लगातार वृद्धजनों, अनाथ बच्चों और बेसहारा लोगों की मदद के लिए कार्य कर रही है.
उन्होंने जानकारी दी कि संस्था द्वारा संचालित वृद्ध आश्रम में बुजुर्गों की देखभाल की जा रही है, वहीं अनाथ बच्चों के लिए भी विशेष योजनाएं चलाई जा रही हैं. इसके साथ ही नवंबर 2024 से संस्था द्वारा गौशाला संचालन का कार्य भी शुरू किया गया है. संस्था का उद्देश्य केवल सहायता प्रदान करना नहीं, बल्कि जरूरतमंदों को आत्मनिर्भर और संस्कारित जीवन की दिशा देना भी है.
संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि आने वाले समय में धर्म और सेवा कार्यों को और व्यापक स्तर पर बढ़ाने की योजना बनाई जा रही है, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाई जा सके.
कार्यक्रम में संगीत की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं. प्रसिद्ध गायकों ने एक से बढ़कर एक गीत प्रस्तुत कर ऐसा समां बांधा कि श्रोता देर रात तक अपनी सीटों पर जमे र. पुराने सदाबहार गीतों से लेकर नए दौर के लोकप्रिय गीतों तक, हर प्रस्तुति को दर्शकों ने खूब सराहा.
आयोजन की सफलता में प्रदीप गुप्ता, ओमप्रकाश जी, मोहन गोयल, मोहन गर्ग, रमन कुमार गर्ग, दीपकपाल गुप्ता, प्रेम प्रकाश जी, मनीषा सिंह सहित कई सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
समापन पर आयोजकों ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज में सेवा, संस्कार और सकारात्मक बदलाव का संदेश देने वाला एक मजबूत अभियान है. इस आयोजन ने यह साबित किया कि जब संगीत, सेवा और सामाजिक सरोकार एक मंच पर आते हैं, तो समाज में नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार होता है.

