उत्तर प्रदेश: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शुक्रवार सुबह आध्यात्मिक संत प्रेमानंद जी महाराज के आश्रम पहुंचीं. उन्होंने संत प्रेमानंद जी से आशीर्वाद लिया. शाम के समय राष्ट्रपति साध्वी ऋतंभरा के वात्सल्य ग्राम आश्रम जाएंगी.
इससे पहले महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तीन दिवसीय धार्मिक यात्रा पर गुरूवार शाम को वृंदावन पहुंची. यहां उनका भव्य स्वागत किया गया. राष्ट्रपति ने वृंदावन के इस्कॉन मंदिर, कृष्ण बलराम मंदिर परिसर में राधा-कृष्ण के दर्शन किए. विधि-विधान से पूजा की.
राष्ट्रपति के साथ उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल भी मौजूद रहीं. लगभग 30 मिनट तक मंदिर परिसर में रहने के बाद वह प्रेम मंदिर के दर्शन करने पहुंचीं. आज भी राष्ट्रपति कई आश्रमों में पहुंचेंगी.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तीन दिवसीय धार्मिक यात्रा पर सबसे पहले वृंदावन रूकमणि विहार में स्थित रेडिसन होटल में कुछ समय के लिए रुकीं. इसके बाद राष्ट्रपति का काफिला वृंदावन के इस्कॉन टेंपल और श्रीकृष्ण बलराम मंदिर पहुंचा.
यहां मंदिर के संस्थापक श्रीप्रभुपाद जी के दर्शन किए और राधा कृष्ण की पूजा की गई. इस्कॉन मंदिर की आरती कार्यक्रम में भी वह शामिल हुईं. राष्ट्रपति और प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने मंदिर प्रांगण में सांस्कृतिक कार्यक्रम देखा.
बच्चों ने राष्ट्रपति का स्वागत किया. वृंदावन के इस्कॉन मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद उनका काफिला प्रेम मंदिर के लिए रवाना हुआ. मंदिर परिसर के प्रांगण में राष्ट्रपति और राज्यपाल का स्वागत किया गया. मंदिर के महंत अजय त्रिपाठी ने पुष्प देकर राष्ट्रपति का स्वागत किया और प्रेम मंदिर का भ्रमण कराया.
राष्ट्रपति ने प्रेम मंदिर में आरती और राधा कृष्ण के दर्शन किए. करीब 25 मिनट तक राष्ट्रपति प्रेम मंदिर परिसर में रहीं. इसके बाद राष्ट्रपति का काफिला वृंदावन रूकमणि विहार में स्थित रेडिसन होटल के लिए रवाना हुआ. उन्होंने रात्रि विश्राम होटल में ही किया.
20 मार्च को सुबह 7:20 बजे वह वृंदावन के आध्यात्मिक संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन करने के लिए पहुंचीं. प्रेमानंद महाराज के आश्रम श्रीहित राधा केली कुंज में उन्होंने प्रेमानंद महाराज से मुलाकात की है.
वहां कुछ समय व्यतीत करने के बाद राष्ट्रपति का काफिला वृंदावन के नीम करोली आश्रम मंदिर पहुंचेगा. यहां से 11:35 पर राष्ट्रपति का काफिला वृंदावन के उड़िया बाबा मंदिर पहुंचेगा.
12:20 से 1:40 तक वृंदावन के श्री रामकृष्ण मिशन चैरिटेबल हॉस्पिटल में बने कैंसर यूनिट 70 बेड के अस्पताल का वह उद्घाटन करेंगी. शाम को 5:20 बजे राष्ट्रपति का काफिला वृंदावन की साध्वी ऋतंभरा के आश्रम वात्सल्य पहुंचेगा. राष्ट्रपति का रात्रि विश्राम भी यहीं वात्सल्य ग्राम में ही होगा.

