बिजनेस

दिल्ली में SIR की तैयारियों को लेकर चुनाव आयोग ने भेजा पत्र, अप्रैल में होगा शुरू

राजधानी की लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी और त्रुटिहीन बनाने की दिशा में भारत निर्वाचन आयोग ने बिहार और अन्य राज्यों में सफल परीक्षण के बाद, अब दिल्ली में भी विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है. इस संबंध में तैयारियां शुरू करने के संबंध में दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को पत्र लिखा गया है. इसका मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची से फर्जी नामों को हटाना और पात्र युवाओं के नाम जोड़कर एक ‘क्लीन’ इलेक्टोरल रोल तैयार करना है. SIR की प्रक्रिया अप्रैल में शुरू होने के आसार हैं.

आयोग की ओर से लिए गए निर्णय के अनुसार, दिल्ली के सभी विधानसभा क्षेत्रों में बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे. जानकारी के अनुसार, इस बार प्रक्रिया केवल कागजी नहीं होगी, बल्कि आधुनिक मोबाइल एप और आधार डेटा के लॉजिकल मिलान पर आधारित होगी. निर्वाचन सदन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया लक्ष्य ‘जीरो एरर’ मतदाता सूची है. कोई भी योग्य नागरिक छूटने न पाए और किसी भी मृत या पलायन कर चुके व्यक्ति का नाम सूची में न रहे.

अन्य राज्यों की तरह दिल्ली जैसे महानगर में तेजी से होते शहरीकरण और बड़ी संख्या में प्रवासियों के आने-जाने के कारण मतदाता सूची में विसंगतियां बढ़ गई थीं. कई क्षेत्रों में एक ही फोटो पर कई नाम या एक ही मकान नंबर पर दर्जनों मतदाताओं की शिकायतें मिलती रही हैं. इन्ही चुनौतियों से निपटने के लिए आयोग ने SIR की राह पकड़ी है. इसके तहत डेटा की शुद्धता के लिए स्वैच्छिक आधार नंबर का मिलान किया जाएगा. नगर निगम के मृत्यु प्रमाण पत्र डेटा के साथ सूची का मिलान कर नाम हटाए जाएंगे.

चुनाव आयोग के इस फैसले ने दिल्ली की सियासत में भी हलचल पैदा कर दी है. सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ने ही अपने कार्यकर्ताओं और बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) को सक्रिय रहने के निर्देश दिए हैं. विपक्ष ने जहां इसे मतदाता सूची में हेरफेर रोकने के लिए जरूरी बताया है, वहीं कुछ हलकों में इस बात को लेकर चिंता है कि कहीं प्रक्रिया के दौरान वास्तविक मतदाताओं के नाम न कट जाएं. हालांकि, आयोग ने स्पष्ट किया है कि किसी भी नाम को हटाने से पहले संबंधित व्यक्ति को नोटिस जारी कर सुनवाई का पूरा मौका दिया जाएगा.

इधर, दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने दिल्ली में SIR की चुनाव आयोग की घोषणा का स्वागत किया है और कहा है इससे दिल्ली से अवांछित वोटरों के नाम वोटर लिस्ट से काटने का रास्ता खुलेगा. उन्होंने कहा है की भाजपा ने प्रदेश एवं जिला स्तर में मतदाताओं को SIR की प्रक्रिया में आने वाली किसी भी समस्या के समाधान में सहयोग देने के लिए कार्यकर्ताओं की टीम तैयार की हैं, जिसमें एक एक वकील भी शामिल हैं. भाजपा चुनाव आयोग से पूरा सहयोग करेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *