उत्तर प्रदेश: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमावार को सहारनपुर दौरे पर रहे. उन्होंने स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत 381 करोड़ रुपये की 15 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण भी किया. कई योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी दिए. जनप्रतिनिधियों और अफसरों के साथ सर्किट हाउस में समीक्षा बैठक की.
जनमंच सभागार में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने विपक्ष पर हमला बोला. सीएम योगी ने कहा, डबल इंजन की भाजपा सरकार में चल रही परियोजनाएं सहारनपुर को एक पहचान दिलाती हैं. सर्वांगीण विकास के सुपथ पर ‘नए उत्तर प्रदेश’ का ‘नया सहारनपुर’ बन रहा है. वे नगर पंचायतें जो जिला मुख्यालय के साथ जुड़ी हुई हैं, उन सभी को हम स्मार्ट सिटी की तर्ज पर डेवलप करने जा रहे हैं.
स्मार्ट सिटी परियोजना के अतंर्गत आज आदिशक्ति माँ शाकुम्भरी देवी के आशीर्वाद से अभिसिंचित पावन धरा सहारनपुर में बाबा श्री जाहरवीर गोगा म्हाड़ी तीर्थस्थल पर नवनिर्मित पवित्र सरोवर का लोकार्पण किया।
डबल इंजन सरकार में 'नया उत्तर प्रदेश' आज 'विकास भी, विरासत भी' की भावना के साथ… pic.twitter.com/7gE4G7Bvh7
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) August 4, 2025
योगी ने कहा कि डबल इंजन की भाजपा सरकार ने इस क्षेत्र की उपेक्षा को समाप्त कर विकास और विरासत के संरक्षण का एक नया अध्याय शुरू किया है. डबल इंजन सरकार भैंसा गाड़ी नहीं, बल्कि बुलेट ट्रेन की रफ्तार से आगे बढ़ रही है. आज सावन का अंतिम सोमवार है. सभी शिव मंदिरों में भक्तों का उत्साह देखने लायक है.
सहारनपुर, उत्तर प्रदेश का एक कोना होने के कारण पहले उपेक्षित रहा, लेकिन अब डबल इंजन सरकार के प्रयासों से यहां विकास की किरणें पहुंच रही हैं. पहले इस क्षेत्र से पलायन और निराशा थी, लेकिन अब सहारनपुर की जनता में नई उम्मीद जगी है.
सीएम ने कहा कि स्मार्ट सिटी मिशन के तहत अब सभी जिला मुख्यालयों के नगर निकायों को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित किया जाएगा. सहारनपुर में स्पोर्ट्स कॉलेज का निर्माण हो रहा है और मेरठ में स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी बन रही है. उन्होंने कहा कि हमारा युवा खेलेगा तभी खिलेगा. हर मंडल में स्पोर्ट्स कॉलेज बनाए जाएंगे.
सहारनपुर की बेहतर कनेक्टिविटी पर जोर देते हुए कहा कि अब दिल्ली से सहारनपुर की दूरी मात्र तीन घंटे में तय की जा सकती है. पहले विकास के लिए लखनऊ जाना पड़ता था, लेकिन अब हम स्वयं आपके बीच आ रहे हैं.
सीएम योगी ने सहारनपुर की लकड़ी की नक्काशी और फर्नीचर उद्योग की प्रशंसा की और कहा कि अगर पहले की सरकारों ने इसे प्रोत्साहन दिया होता तो यह इटली के फर्नीचर से भी बेहतर पहचान बना सकता था. उन्होंने स्वदेशी अपनाने की अपील करते हुए कहा कि स्वदेशी को अपनाने से हमारे कारीगरों को लाभ होगा और अर्थव्यवस्था मजबूत होगी.
उन्होंने यह भी कहा कि 13, 14 और 15 अगस्त को हर भारतवासी अपने घर, प्रतिष्ठान और संस्था पर भारत की आन-बान और शान के प्रतीक तिरंगा का आरोहण करे. तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी https://harghartiranga.com पर भी अपलोड करें. इससे पहले सीएम गोगा जाहरवीर म्हाड़ी पहुंचे और पूजा-अर्चना की. गोगा म्हाड़ी पर सीएम योगी ने एक पौधा भी लगाया.

