ग्रेटर नोएडा: ग्रेनो की हाईराइज सोसाइटियों व सेक्टर में रह रहे किरायेदारों का अब सत्यापन कराया जाएगा. सोसायटियों में अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (AOA) व सेक्टरों में रेजिडेंट वेलफेयर एसाेसिएशन (RWA) के साथ मिलकर पुलिस प्रशासन द्वारा रह रहे किरायेदारों के सत्यापन किए जाने की योजना बनाई गई है.
इसके लिए सेक्टर व सेसायटियों में आरडब्ल्यूए व एओए के पदाधिकारियों को सत्यापन संबंधी फार्म बांटे जाएंगे. किरायेदारों के सत्यापन की जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन द्वारा संबंधित चौकी इंचार्ज को सौंपी गई है. ग्रेटर नोएडा के सेक्टर व सोसायटिज में बिना सत्यापन के किराये पर मकान या फ्लैट दे दिए जाते हैं. जिसके चलते किरायेदारों की आड़ में कई बार आपराधिक किस्म के लोग इन जगहों पर रह रहे होते हैं. इन लोगों को वारदात को अंजाम देने के बाद आसानी से छिपे रहने का मौका मिल जाता हैं.
ग्रेटर नोएडा की सोसाइटियों व सेक्टर में लंबे समय से रह रहे किरायेदारों के सत्यापन कराने की मांग उठ रही थी. जिसके चलते अब पुलिस प्रशासन अधिकारियों के निर्देश पर सोसायटियों व सेक्टर में RWA व AOA के पदाधिकारियों से मिलकर किरायेदार के सत्यापन संबंधी फार्म उपलब्ध कराए जा रहे हैं. पुलिस प्रशासन द्वारा किरायेदारों के सत्यापन कार्य को जल्द से जल्द पूर्ण कराने के निर्देश चौकी प्रभारियों को दिए गए हैं.

