उत्तराखंड: इन दिनों प्रचंड गर्मी पड़ रही है. देहरादून समेत कई मैदानी इलाकों में गर्मी पूरे तेवर दिखा रही है. देहरादून का अधिकतम तापमान एक बार फिर सामान्य से चार डिग्री के इजाफे के साथ 40 डिग्री के पार पहुंच गया. जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा . दोपहर में सड़कें पूरी तरह से सुनसान नजर आ रही है. लोग पानी वाली जगहों को तलाश रहे हैं. साथ ही पहाड़ों की तरफ भी लोग घूमने पहुंच रहे हैं.
आंकड़ों पर नजर डालें तो रविवार को दून का अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री अधिक है. इसके साथ ही रात का न्यूनतम तापमान भी पांच डिग्री बढ़ोतरी के साथ 26.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया.
गर्मी की वजह से पर्यटक पानी वाली जगहों और पहाड़ों में घूमने आ रहे हैं. वीकेंड पर देहरादून, मसूरी, ऋषिकेश समेत कई टूरिस्ट प्लेस पैक रहे. इस बीच मौसम विज्ञान केंद्र, उत्तराखण्ड के अनुसार आज 27 मई को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी, देहरादून, पौड़ी, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा, चंपावत और नैनीताल में कुछ जगहों पर हल्की बारिश होने की संभावना है. हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में मौसम शुष्क बना रहेगा.
इसके साथ ही आने वाले कुछ दिनों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है. जो कि 31 मई तक रहने की संभावना है. यानि पहाड़ी जिलों में बारिश का क्रम जारी रह सकता है. जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है. ऐसे में आने वाले दिनों में लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है. लेकिन चार धाम यात्रा मार्गों पर बारिश को देखते हुए सर्तकता बरतने की आवश्यकता होगी. साथ ही धामों में बारिश को देखते हुए रेन कोट और गर्म कपड़े भी साथ लेकर चलने की सलाह दी गई है.

