उत्तराखंड: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इंडियन मिलिट्री एकेडमी (IMA) के कैडेट्स की पासिंग-आउट परेड की सलामी लेने के लिए देहरादून पहुंच रही हैं. राष्ट्रपति का आगमन इसलिए भी खास है क्योंकि इस बार बड़ी संख्या में महिला कैडेट्स भी आर्मी ऑफिसर बनने जा रही हैं और और वे कैडेट्स को लीड करेंगी. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के उत्तराखंड दौरे की सभी तैयारियां पूरी हो गई हैं.
आईएमए में 13 जून को आयोजित होने वाली पासिंग आउट परेड में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी. राष्ट्रपति के भ्रमण और प्रवास कार्यक्रम को देखते हुए देहरादून की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक चौबंद रहेगी. राष्ट्रपति के भ्रमण और कार्यक्रम समेत प्रवास के दौरान पूरे क्षेत्र को नो ड्रोन जोन में तब्दील कर दिया गया है. इस अवधि में कार्यक्रम स्थल और आसपास के हवाई क्षेत्र में किसी भी प्रकार के निजी या व्यावसायिक ड्रोन के संचालक पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा. साथ ही 12 जून को जनपद क्षेत्र के अंतर्गत वीवीआईपी भ्रमण कार्यक्रम के मद्देनजर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की गई है.
एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भ्रमण और प्रवास कार्यक्रम को देखते हुए देहरादून की सुरक्षा व्यवस्था तैनात किए जाने वाले भारी पुलिस बल की उच्च स्तरीय ब्रीफिंग की गई है. साथ ही सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में पड़ने वाले होटल, लॉज, धर्मशाला और मुख्य बस स्टेशन और रेलवे स्टेशन पर रात दिन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं. ताकि बाहरी और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर समय रहते सत्यापन की कार्रवाई पूरी की जा सके.

