उत्तराखंड

आईएमए देहरादून में पासिंग आउट परेड, 394 जेंटलमैन कैडेट हुए पास आउट, देश को मिले 355 सैन्य अफसर

उत्तराखंड: आज शनिवार 8 जून 2024 को इंडियन मिलिट्री अकादमी यानी आईएमए की पासिंग आउट परेड संपन्न हो गई है. उत्तराखंड के देहरादून स्थित भारतीय सैन्य अकादमी की पीओपी से कुल 394 जेंटलमैन कैडेट पास आउट हुए हैं. इन 394 में से आज हमारे देश को 355 सैन्य अफसर मिल गए हैं. मित्र देशों के भी 39 जेंटलमैन कैडेट आज सैन्य अफसर बन गए. आईएमए देहरादून में पासिंग आउट परेड को लेकर बहुत उत्साह दिखाई दिया. पीओपी की सलामी सेना की उत्तरी कमांड के जेसीओ लेफ्टिनेंट जनरल एमवी सुचिंद्र कुमार ने ली.

पीओपी सेरेमनी में भारतीय सैन्य अकादमी के कमांडेंट लेफ्टिनेंट जनरल संदीप जैन और डिप्टी कमांडेंट मेजर जनरल आलोक नरेश भी उपस्थित रहे. आईएमए में आज 154वां नियमित और 137वां तकनीकी ग्रेजुएट कोर्स संपन्न हुआ है. इसी की आज पीओपी चली. आईएमए की ऐतिहासिक और प्रतिष्ठित चैटवुड बिल्डिंग के प्रांगण चैटवुड ड्रिल स्क्वायर में जेंटलमैन कैडेट सैन्य अफसर बनने की सेरेमनी में कदमताल किए. दर्शक दीर्घा में उनके पेरेंट्स अपने होनहारों को सैन्य अफसर बनते देखने के लिए मौजूद थे. पीओपी में अंतिम पग भरने और कसम परेड के बाद अब ये जेंटलमैन कैडेट भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर तैनात होंगे.

भारतीय सैन्य अकादमी स्थित युद्ध स्मारक पर शुक्रवार को शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए. पास होने वालों कैडेट्स ने अकादमी कमांडेंट और अकादमी अंडर ऑफिसर संग वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की. भारतीय सैन्य अकादमी के युद्ध स्मारक का उद्घाटन 17 नवंबर 1999 को फील्ड मार्शल सैम मानेकशॉ ने किया था. युद्ध स्मारक पर 355 जेंटलमैन कैडेट्स ने शुक्रवार को भारतीय सेना के अधिकारियों के रूप में नियुक्त होने से पहले भारतीय सेना की समृद्ध परंपराओं को कायम रखने और राष्ट्र का झंडा हमेशा ऊंचा रखने का संकल्प लिया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *