कैंची धाम आने वाले श्रद्धालुओं के लिए खुशखबरी, जल्द हेलीकॉप्टर से होंगे बाबा के दर्शन - TV News Today
उत्तराखंड

कैंची धाम आने वाले श्रद्धालुओं के लिए खुशखबरी, जल्द हेलीकॉप्टर से होंगे बाबा के दर्शन

उत्तराखंड: हनुमान के अवतार बाबा नीब करोरी में श्रद्धालुओं की आस्था सबसे ज्यादा है. रोजाना हजारों की संख्या में श्रद्धालु बाबा नीब करौरी के दर्शन के लिए नैनीताल पहुंचते हैं. इन श्रद्धालुओं में कई बड़ी नाम हस्तियां भी हैं, जो हनुमान के अवतार बाबा नीब करौरी के दर्शन के लिए आते हैं. ऐसे में अब आम और खास लोगों को मंदिर तक पहुंचाने के लिए हेलीकॉप्टर की व्यवस्था की जा रही है.

उत्तराखंड के नीब करौरी धाम के नजदीक राज्य सरकार सेनेटोरियम अस्पताल के ग्राउंड में एक हेलीपैड बनाने की संभावनाएं तलाशी जा रही है. इस कड़ी में जिला प्रशासन नैनीताल ने चॉपर का लैंडिंग का ट्रायल भी कर लिया है. अब अस्पताल से एनओसी मिलने का इंतजार है. जिसके लिए जिला प्रशासन प्रक्रिया में लग गया है. राज्य सरकार का पर्यटन विभाग और खुद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगातार कुमाऊं स्थित इस धाम में सुविधाओं को बढ़ाने की बात कहते रहे हैं. ऐसे में अगर यहां पर हेलीपैड बनता है, तो श्रद्धालुओं की और अधिक भीड़ बाबा नीब करौरी पहुंचेगी.

आए दिन देश और दुनिया से कई बड़ी हस्तियां बाबा नीब करोरी धाम में पहुंचते हैं. ऐसे में उनको भी सीधे मंदिर के नजदीक हेलीपैड से पहुंचने में आसानी होगी. खास बात यह है कि मंदिर से मात्र 9 किलोमीटर की दूरी पर इस हेलीपैड की जमीन को देखा गया है. अगर सब कुछ ठीक रहा तो आने वाले तीन से चार महीने में इस पर काम शुरू हो जाएगा.

नैनीताल जिले के अधिशासी अभियंता लोनिवि रत्नेश सक्सेना ने बताया कि हम इस दिशा में काफी आगे बढ़ गए हैं. हमने एक ट्रायल भी ले लिया है और अब इंतजार है तो अस्पताल की एनओसी मिलने का. इसके बाद हम आगे की प्रक्रिया को पूरा करेंगे. उन्होंने कहा कि हमें उम्मीद है कि जल्द ही श्रद्धालुओं को यह सुविधा उपलब्ध हो जाएगी. बता दें कि हेलीपैड बनने से देहरादून पंतनगर श्रीनगर और अन्य शहरों से भी सीधे चॉपर नीब करोरी में लैंड कर सकेंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *