उत्तराखंड: कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के हल्द्वानी दौरे के दौरान कथित अपमान के विरोध में आज देहरादून में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं और नेताओं ने मुख्यमंत्री आवास घेराव करने का निर्णय लिया है.
मुख्यमंत्री आवास घेरने से पहले देहरादून के परेड ग्राउंड में अलग-अलग जिलों से कांग्रेसी नेताओं और कार्यकर्ताओं पहुंचे हैं. यहां कांग्रेस के बड़े नेताओं की ओर से जनसभा को संबोधित किया गया. नेताओं ने कार्यकर्ताओं में जोश भरा. कांग्रेस ने आरोप लगाया कि हल्द्वानी में खड़गे के साथ जिस तरह का व्यवहार किया गया वह लोकतांत्रिक परंपराओं और विपक्ष के सम्मान के खिलाफ है.
मुख्यमंत्री आवास कूच में
उमड़ा जनसैलाब 🔥🔥 pic.twitter.com/1zkBwIxPen— Uttarakhand Congress (@INCUttarakhand) September 7, 2026
कांग्रेस पार्टी के मुख्यमंत्री आवास घेराव कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं. इस प्रदर्शन के चलते देहरादून के विभिन्न इलाकों में यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई है. इधर परेड ग्राउंड में कांग्रेस पार्टी की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या, कांग्रेस पार्टी के चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह समेत विपक्ष के विधायकों की ओर से कार्यकर्ताओं को संबोधित किया गया. उसके बाद कांग्रेस की तरफ से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च पर निकले हैं.
परेड ग्राउंड में इकट्ठा होने और पार्टी के बड़े नेताओं के संबोधन के बाद कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने मुख्यमंत्री आवास कूच किया. हालांकि, कांग्रेसी नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस की टीम ने हाथीबटकला चौकी के समीप बैरिकेटिंग लगाकर रोक दिया गया.

