उत्तराखंड

राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा से पहले मंदिरों में चलेगा स्वच्छता अभियान, गठित की समिति

उत्तराखंड: अयोध्या में 22 जनवरी को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा कराई जाएगी. समारोह से पहले भाजपा प्रदेश में स्थित सभी धार्मिक स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान शुरू करने जा रही है. ये अभियान 14 से 22 जनवरी तक चलेगा. धार्मिक स्थानों को साफ-सुथरा बनाने के लिए प्रदेश स्तरीय टीम भी गठित की गई है.

जानकारी के अनुसार भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने अनौपचारिक बातचीत में यह जानकारी साझा की. प्रदेश में 14 से 22 जनवरी तक स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा. इसके अंतर्गत पार्टी कार्यकर्ता सभी तीर्थ क्षेत्रों, मंदिरों समेत अन्य धार्मिक स्थलों के आसपास साफ-सफाई करेंगे.

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के निर्देशानुसार सांसदों, विधायकों और पार्टी पदाधिकारियों को अलग-अलग स्थान सुनिश्चित कर इस कार्यक्रम को प्रभावी बनाने में सहयोग देना है.यह कार्यक्रम प्रतिदिन दो से तीन घंटे तक चलेगा. इसमें निकायों के साथ ही अन्य जनप्रतिनिधियों और संस्थाओं का सहयोग भी लिया जाएगा.

जानकारी के अनुसार महेंद्र भट्ट ने बताया कि इस कार्यक्रम के लिए समन्वय की दृष्टि से प्रदेश स्तरीय पांच सदस्यीय समिति गठित की गई है. इसके संयोजक का दायित्व प्रदेश उपाध्यक्ष कैलाश शर्मा को सौंपा गया है. जबकि सह-संयोजक के रूप में प्रदेश मंत्री मीरा रतूड़ी, रमेश चौहान, डॉ जयपाल सिंह और विवेक सक्सेना को जिम्मेदारी सौंपी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *