उत्तर प्रदेश

पीआईआईटी में आयोजित फ्यूजन फिएस्टा में विद्यार्थियों ने मचाया धमाल

ग्रेटर नोएडा: नॉलेज पार्क-3 स्थित प्रिंस इंस्टीट्यूट ऑफ इन्नोवेटिव टेक्नोलॉजी (पीआईआईटी) संस्थान में गुरुवार को फ्यूजन फिएस्टा (FUSION FIESTA) का आयोजन किया गया. इस सांस्कृतिक उत्सव में विद्यार्थियों के नृत्य, संगीत, फैशन, कला और रचनात्मकता का अद्भुत संगम देखने को मिला। रैंप वॉक, पारंपरिक परिधान, आधुनिक नृत्य और मनमोहक गायन प्रस्तुतियों से जूनियर एवं सीनियर छात्र- छात्राओं ने मिलकर धमाल मचा दिया. डांस में खूब जमकर मस्ती की. विद्यार्थियों और संस्थान की अध्यापिकाओं ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुति देकर बेहतरीन हुनर का प्रदर्शन किया.

गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मोक्ष ओवरसीज एजुकॉन एलटीडी (उत्तर भारत) के हेड डॉ. राजेंद्र शर्मा और विशिष्ट अतिथि के रूप में लोकप्रिय युवा गायक प्रतीक गौतम एवं समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष भारत गौरव डॉ. जितेन्द्र बच्चन उपस्थित रहे। पीआईआईटी के चेयरमैन प्रोफेसर (डॉक्टर) भरत सिंह ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया. उन्होंने बच्चों को आशीर्वाद देते हुए कहा, “यह संस्थान आपके सपनों को पंख लगाने का कार्य करेगा. आपकी प्रतिभा को एक नया मुकाम मिले, इसके लिए हम सदैव आपको अवसर प्रदान करते रहेंगे.

कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. भरत सिंह और अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलन करने के साथ हुई। मुख्य अतिथि डॉ राजेंद्र शर्मा ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि कभी मुश्किलों से हार नहीं माननी चाहिए और निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए। सफलता अवश्य मिलती है। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम आयोजित करने से न केवल विद्यार्थियों का मनोरंजन होता है, बल्कि टीम वर्क,आत्मविश्वास और नेतृत्व कौशल का ज्ञान भी उन्हें प्राप्त होता है.

मंच की साज-सज्जा और बच्चों की तैयारियों के लिए पीआईआईटी के निदेशक प्रोफेसर आर. के. शाक्य और सहायक निदेशक डॉ. जितेन्द्र बच्चन ने संस्थान के स्टाफ की सराहना की। सचमुच, फ्यूजन फिएस्टा में सांस्कृतिक विरासत और रचनात्मकता का एक भव्य उत्सव देखने को मिला, जो कलात्मक अन्वेषण और नवाचार के वातावरण को बढ़ावा देता है। विद्यार्थियों ने सोलो और ग्रुप डांस के माध्यम से अपनी अद्भुत क्षमता का प्रदर्शन किया, जिसमें लय, ताल और तालमेल ने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। बॉलीवुड मैशअप, हिप-हॉप और इमोशनल ग्रुप डांस परफॉर्मेंस एक यादगार पल बन गए.

संस्थान की मैडम मिथिलेश सिंह ने “फूल तुम्हें भेजा है खत में…” और मैडम जागेश सिंह के गीत “एक प्यार का नगमा है…” की प्रस्तुति ने दिल को छू लिया। उसके बाद युवा गायक प्रतीक गौतम ने पुराने फिल्म गीतों का तराना छेड़ा तो संस्थान की फैकल्टी भी खुद को थिरकने से नहीं रोक पायी। डॉक्टर प्रियंका अहिरवार ने छात्राओं के साथ डांस कर समां बांध दिया. कई विद्यार्थियों ने कार्यक्रम को यादगार बनाने के लिए फैकल्टी के साथ सेल्फी भी ली.

रैंप वॉक के पश्चात मिस एंड मिस्टर पीआईआईटी 2026 चुना गया। जज लक्ष्मी प्रिया ने नतीजे घोषित किए तो छात्र-छात्राएं खुशी से उछल पड़े। जूनियर में मिस ऋतिका मिश्रा, मिस्टर अश्वनी वर्मा, सीनियर में मिस तन्या, मिस्टर मनीष और कपल में मिस यांशी और मो. रहमत को मिस्टर पीआईआईटी 2026 चुना गया. इन सभी को चेयरमैन डॉ. भरत सिंह ने जहां पुरस्कार प्रदान किए, वहीं समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष जितेन्द्र बच्चन उन सभी वालंटियर को ट्रॉफी एवं प्रोत्साहन प्रमाण पत्र प्रदान किए, जिन्होंने इस कार्यक्रम को सफल बनाने में कड़ी मेहनत की. कार्यक्रम का समापन निदेशक प्रोफेसर आर. के. शाक्य ने सभी के प्रति आभार व्यक्त कर किया। इस अवसर पर संस्थान के सभी अध्यापक, स्टाफ एवं अन्य गणमान्य उपस्थित रहे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *