उत्तर प्रदेश गाजियाबाद में पुलिस कमिश्नर का कड़ा एक्शन, महिला थाना प्रभारी हटाई गईं; लापरवाही पर 5 पुलिसकर्मी सस्पेंड
उत्तर प्रदेश

गाजियाबाद में पुलिस कमिश्नर का कड़ा एक्शन, महिला थाना प्रभारी हटाई गईं; लापरवाही पर 5 पुलिसकर्मी सस्पेंड

गाजियाबाद: पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद में अनुशासन को लेकर सोमवार को सख्त रुख अपनाया गया. पुलिस आयुक्त गाजियाबाद जे. रविन्द्र गौड़ के निर्देश पर विभिन्न थानों में तैनात कई पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की गई, जिसमें निलंबन व लाइन हाजिर जैसी कार्रवाई शामिल है. इस कार्रवाई के बाद पूरे पुलिस महकमे में सतर्कता व जवाबदेही का माहौल बन गया है.

गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट में सोमवार को दिनभर चली समीक्षा बैठक में सामने आया कि ड्यूटी में लापरवाही, अनुशासनहीनता व आम जनता के साथ दुर्व्यवहार की शिकायतों को गंभीरता से लिया गया. संबंधित जोन के पुलिस उपायुक्तों ने मामलों की जांच के आधार पर त्वरित निर्णय लेते हुए कार्रवाई सुनिश्चित की. साहिबाबाद थाना क्षेत्र में तैनात उपनिरीक्षक गौरव खरेड़ा को आम नागरिकों के साथ दुर्व्यवहार व अमर्यादित भाषा के प्रयोग के आरोप में निलंबित कर दिया गया.

वहीं, नंदग्राम थाना में ड्यूटी के दौरान अनुशासनहीनता व स्वेच्छाचारिता सामने आने पर उपनिरीक्षक आकाश कुमार राय, मुख्य आरक्षी अरुण कुमार और आरक्षी सुनील कुमार को भी निलंबित किया गया है. इसी क्रम में अंकुर विहार थाना क्षेत्र में तैनात उपनिरीक्षक अवनीश कुमार, जो डाबर तालाब चौकी के कार्यवाहक प्रभारी थे, उनको भी कार्रवाई करते हुए लाइन हाजिर कर दिया गया है. सभी मामलों में संबंधित अधिकारियों द्वारा प्राथमिक जांच के बाद ये कार्रवाई अमल में लाई गई है.

गाजियाबाद पुलिस कमिश्नर जे. रविन्द्र गौड़ ने स्पष्ट संदेश दिया है कि पुलिस बल में अनुशासन सर्वोपरि है. किसी भी स्तर पर लापरवाही, मनमानी या जनता के साथ अभद्र व्यवहार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि प्रत्येक पुलिसकर्मी को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, संवेदनशीलता व पेशेवर ढंग से करना होगा.कमिश्नरेट पुलिस ने आम नागरिकों को भरोसा दिलाया है कि कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने व पुलिसिंग में पारदर्शिता लाने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी. अधिकारियों का कहना है कि अनुशासनहीनता पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली में सुधार हो, साथ ही जनता का विश्वास और मजबूत हो सके.

Exit mobile version