उत्तराखंड केदारनाथ में बर्फबारी देख झूम उठे श्रद्धालु, यमुनोत्री धाम में गिर रही बर्फ
उत्तराखंड

केदारनाथ में बर्फबारी देख झूम उठे श्रद्धालु, यमुनोत्री धाम में गिर रही बर्फ

उत्तराखंड: विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ और यमुनोत्री धाम में बर्फबारी हो रही है. जिससे ऐसा लग रहा कुदरत खुद ही बाबा केदार और मां यमुना का श्रृंगार कर रही हो. आसमान से गिरती बर्फ के फाहे देख श्रद्धालु भी खुशी से झूम उठे.

लगातार हो रही बर्फबारी के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर है. केदारनाथ में हजारों श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं, तो वहीं पुलिस और प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ व्यवस्थाओं को संभालते हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम दर्शन करवा रहे हैं.

केदारनाथ धाम में मौसम की कठिन परीक्षा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है. जहां बर्फबारी के बीच श्रद्धालुओं को व्यवस्थित ढंग से कतारबद्ध कर दर्शन करवाया जा रहा है. विपरीत परिस्थितियों के बावजूद श्रद्धालुओं और ड्यूटी पर तैनात जवानों का जोश एवं समर्पण साफ नजर आ रहा है.

रुद्रप्रयाग पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा है कि वे यात्रा पर आने से पहले मौसम की जानकारी अवश्य लें और अपने साथ पर्याप्त गर्म कपड़े, बरसाती, जैकेट व आवश्यक दवाइयां जरूर रखें. उन्होंने आश्वस्त किया कि रुद्रप्रयाग पुलिस और जिला प्रशासन श्रद्धालुओं की सुरक्षित, सरल और सुगम यात्रा के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है.

उन्होंने श्रद्धालुओं से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है. खासकर बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को मौसम को ध्यान में रखते हुए ही यात्रा करने की सलाह दी है. कठिन मौसम, बर्फबारी और चुनौतियों के बावजूद केदारनाथ धाम में आस्था का प्रवाह लगातार जारी है और इसे सुरक्षित बनाए रखने में जिला प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ की भूमिका बेहद अहम साबित हो रही है.

Exit mobile version