उत्तर प्रदेश बीजेपी ने गोरखपुर में निकाली ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री योगी हुए शामिल
उत्तर प्रदेश

बीजेपी ने गोरखपुर में निकाली ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री योगी हुए शामिल

उत्तर प्रदेश: भारतीय जनता पार्टी की ओर से बुधवार को गोरखपुर में लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा का आयोजन किया गया. जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल हुए. पदयात्रा महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज से निकलकर गोलघर होते हुए काली मंदिर स्थित सरदार पटेल की प्रतिमा पर पहुंची. यहां पर राष्ट्रीय अध्यक्ष सहित सभी बड़े नेताओं की ओर से माल्यार्पण करने के बाद लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा समाप्त हुई.

पदयात्रा से पहले महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज में आयोजित जनसभा में कांग्रेस के युवराज राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा गया. इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राहुल गांधी को बिना बारूद वाला रॉकेट बताया तो पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि राहुल गांधी जैसे रॉकेट को जिस लॉन्चिंग पैड से कांग्रेस पार्टी ने लांच किया है वह लॉन्चिंग पैड ही खराब है. ऐसे में देश और देश के युवाओं को उनसे क्या उम्मीद की जा सकती है. सभा को संबोधित करते हुए दोनों नेताओं ने सबसे ज्यादा निशान राहुल गांधी और कांग्रेस पर ही साधा. समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव भी दोनों नेताओं के निशाने पर रहे.

नितिन नवीन ने कहा कि राहुल गांधी आप जितना भी झूठ की खेती कर लीजिए लेकिन देश की जनता अपने प्रधान सेवक नरेंद्र मोदी पर ही भरोसा करती है. इस तरह की गलतफहमी आप अपने दिमाग से निकाल दीजिए. उन्होंने कहा कि अगर आप SIR की वजह से चुनाव हार रहे हैं तो यह कहना गलत है. क्योंकि देश के कई प्रदेश में आप इसी प्रक्रिया के तहत सरकार बनाने में कामयाब हुए हैं. मेरा मानना है की जमीन पर यदि आप और आप पार्टी काम करती तो शायद आप चुनाव नहीं हारते. आप गरीबों के भला करने की बात कहना छोड़ दीजिए. क्योंकि आपकी पार्टी देश में काफी समय तक राज किया है. जिसने गरीबी नहीं बल्कि गरीबों को ही मिटाने का कार्य किया.

पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने राहुल गांधी को मंच से चैलेंज किया और कहा कि इस देश में आपका नहीं बल्कि मोदी और योगी का राज चलेगा. जो लोग दिमागी नक्सली हो गए हैं उनको देश और प्रदेश की जनता 2027 और 2029 में भी सबक सिखाएगी. नितिन नवीन ने कहा कि प्रदेश की योगी सरकार ने न सिर्फ स्वास्थ्य और उद्योग के क्षेत्र में बड़े संस्थानों की स्थापना किया है बल्कि, रोजगार को एक परिवार के लोगों से बाहर निकाल कर सभी के घरों तक पहुंचाया है. समाजवादी पार्टी की पंचर हो चुकी साइकिल प्रदेश में दौड़ने वाली नहीं है. क्योंकि प्रदेश में एक्सप्रेसवे बन चुका है और एक्सप्रेसवे पंचर साइकिल नहीं दौड़ सकती.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस कितनी भी बार राहुल गांधी को लांच कर ले, राहुल गांधी बिना बारूद वाले रॉकेट हैं. वह उड़ नहीं सकते. धुंआ पहले ही निकल जाएगा. बारूद फुस्स हो जाएगा. उन्होंने कहा 2004 में कांग्रेस ने राहुल गांधी को लोकसभा का सांसद बनाया. 2008 में राष्ट्रीय महामंत्री बने. पार्टी ने उन्हें जब राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया तो वह खुद अमेठी से चुनाव 2019 में हार गए. भारत जोड़ो यात्रा भी उनकी फुस्स हुई. न्याय यात्रा में भी दम नहीं दिखा. इसलिए मेरा मानना है कि यह युवा कभी लॉन्च नहीं किया जा सकता.

Exit mobile version