नोएडा: गौतमबुद्धनगर की पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह ने फोनरवा एवं विभिन्न सेक्टरों की आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों के साथ आयोजित गोष्ठी में स्थानीय नागरिक समस्याओं की समीक्षा करते हुए लापरवाही बरतने वाले पुलिस अधिकारियों पर कड़ा रुख अपनाया. बैठक के दौरान एक थाना प्रभारी को लाइन हाजिर, एक चौकी इंचार्ज को निलंबित तथा तीन थाना प्रभारियों को कड़ी चेतावनी जारी की गई. बैठक में पुलिस और नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा सेक्टरों और सोसाइटियों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया.
गोष्ठी में आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने सुरक्षा, यातायात, अवैध पार्किंग, पुलिस संवाद और कानून-व्यवस्था से जुड़ी विभिन्न समस्याएं पुलिस कमिश्नर के समक्ष रखीं. पुलिस कमिश्नर ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित और प्रभावी निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।पुलिस कमिश्नर ने निर्देश दिए कि सोसाइटियों और सेक्टरों के आसपास यातायात व्यवस्था को और अधिक सुचारु बनाया जाए. जिन स्थानों पर नियमित रूप से जाम की स्थिति बनती है, वहां आवश्यकता अनुसार यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए.
उन्होंने सड़कों पर अनावश्यक रूप से खड़ी रहने वाली स्कूली बसों पर कार्रवाई, लंबे समय से खड़े लावारिस वाहनों का सत्यापन, साप्ताहिक बाजारों में यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा किराएदारों के अनिवार्य पुलिस सत्यापन को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए. साथ ही सभी सेक्टरों और सोसाइटियों में संचालित पीजी संस्थानों का सत्यापन अभियान चलाने के भी आदेश दिए गए. लक्ष्मी सिंह ने सभी जोनल अधिकारियों और थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे आरडब्ल्यूए और फोनरवा पदाधिकारियों के साथ नियमित संवाद बनाए रखें. सोसाइटियों और सेक्टरों के आसपास स्थित सुनसान एवं संवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर वहां पुलिस गश्त और पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए. इसके अलावा अपराध नियंत्रण और निगरानी को मजबूत करने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में नए सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश भी दिए गए.
बैठक में पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक जोन के पुलिस उपायुक्त हर माह एक बार, थाना प्रभारी प्रत्येक 15 दिन में एक बार तथा चौकी प्रभारी प्रत्येक सात दिन में एक बार आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों के साथ बैठक एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित करेंगे, ताकि स्थानीय समस्याओं का समय रहते समाधान किया जा सके. गोष्ठी के दौरान सामने आई शिकायतों के आधार पर जनता के साथ प्रभावी संवाद स्थापित न करने और समस्याओं के प्रति उदासीन रवैया अपनाने पर चौकी इंचार्ज सेक्टर-110 को निलंबित कर दिया गया. इसके अलावा थाना प्रभारी सेक्टर-49 को लाइन हाजिर किया गया, जबकि थाना फेस-2, सेक्टर-24 और सेक्टर-58 के थाना प्रभारियों को कड़ी चेतावनी जारी की गई. पुलिस कमिश्नर ने जनता से उचित संवाद स्थापित न करने के आरोपों के संबंध में वर्तमान चौकी प्रभारी हरिदर्शन तथा पूर्व चौकी प्रभारी के खिलाफ प्रारंभिक जांच और विभागीय कार्रवाई के निर्देश भी दिए.
बैठक में अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था डॉ. राजीव नारायण मिश्र, पुलिस उपायुक्त नोएडा जोन साद मियां खान, पुलिस उपायुक्त सेंट्रल नोएडा शैलेन्द्र कुमार सिंह, प्रभारी डीसीपी यातायात अभय कुमार मिश्र, प्रभारी डीसीपी साइबर शैव्या गोयल सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एवं आरडब्ल्यूए प्रतिनिधि उपस्थित रहे.
