दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) हवाई अड्डे पर रविवार शाम कुदरत के कहर ने विमानन सेवा को बड़ी चुनौती दी. अचानक आई तेज आंधी और बारिश के कारण पार्किंग में खड़े एअर इंडिया के तीन विमान तूफानी हवा और स्टैंड टकराने से क्षतिग्रस्त हो गए. गनीमत रही कि इस दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ, लेकिन सुरक्षा के लिहाज से इन तीनों विमानों को फिलहाल उड़ान सेवा से हटाकर ग्राउंडेड कर दिया गया है.
मिली जानकारी के अनुसार, घटना रविवार शाम करीब 4:40 बजे टर्मिनल-2 (T2) के पार्किंग में हुई. मौसम विभाग की ओर से आंधी-तूफान की कोई पूर्व चेतावनी जारी नहीं की गई थी, लेकिन अचानक आई तूफानी हवाओं के कारण हवाई अड्डे पर मौजूद ग्राउंड सपोर्ट उपकरण (जैसे स्टेप लैडर और ट्रेस्टल) अपनेआप खिसकने लगे. बेकाबू हुए ये उपकरण पास में ही पार्क किए गए एअर इंडिया के तीन नैरो-बॉडी विमानों से जा टकराए. बताया जा रहा है कि एक ट्रेस्टल को सुरक्षित तरीके से बांधा गया था, लेकिन हवा की रफ्तार इतनी अधिक थी कि वह भी अपनी जगह से खिसक गया.
Three Air India aircraft were damaged due to sudden winds at Terminal 2, Delhi Airport, last night. More details are awaited: Sources
— ANI (@ANI) June 8, 2026
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने इस घटना को अत्यंत गंभीरता से लिया है. डीजीसीए ने जांच के आदेश देते हुए स्पष्ट किया है कि पूरे मामले की विस्तृत पड़ताल की जाएगी और जो भी पक्ष इसमें लापरवाही का दोषी पाया जाएगा, उसकी जिम्मेदारी तय की जाएगी, सुरक्षा मानकों के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
फिलहाल, तकनीकी विशेषज्ञों की एक टीम मौके का मुआयना कर रही है ताकि घटना के कारणों का सटीक पता लगाया जा सके. हादसे के बाद तीनों क्षतिग्रस्त विमानों को निरीक्षण और मरम्मत के लिए खड़ा कर दिया गया है. एक विमान को होने वाला नुकसान ज्यादा है, जिसकी मरम्मत में कुछ दिन लग सकते हैं, जबकि अन्य दो विमानों की जांच पूरी होने के बाद इसी सप्ताह उन्हें पुनः सेवा में शामिल किए जाने की उम्मीद है. इस घटना ने एक बार फिर हवाई अड्डों पर खराब मौसम और ‘ग्राउंड हैंडलिंग’ प्रोटोकॉल को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं.
