गाजियाबाद: यूपी के गाजियाबाद में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की आठवीं बटालियन कोप्रेसिडेंट कलर का सम्मान प्रदान किया. गाजियाबाद की कमला नेहरू नगर स्थित NDRF की आठवीं बटालियन परिसर में आयोजित प्रेसिडेंट कलर समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए. समारोह के दौरान गृहमंत्री द्वारा परेड का निरीक्षण किया गया.
समारोह में केंद्रीय गृह सचिव, सूचना ब्यूरो के निदेशक और एनडीआरएफ के महानिदेशक भी मौजूद रहे. इस मौके पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने संबोधित किया. उन्होंने कहा, NDRF को प्रेसिडेंट कलर प्रदान किया जाना सिर्फ एनडीआरएफ की सराहनीय सेवाओं को स्वीकार किया जाना नहीं है बल्कि यह SDRF, पंचायत से लेकर राज्य तक पूरी मशीनरी, NCC, NSS और हजारों की संख्या में सेवा में लगे आपदा मित्रों की सेवाओं का राष्ट्रपति महोदय द्वारा अनुमोदन किया जाना है.
दुनिया भर में आपदाओं के समय राहत और बचाव के भरोसे का प्रतीक बनकर उभरे NDRF ने बीते दो दशकों में ‘आपदा सेवा सदैव सर्वत्र’ के ध्येय वाक्य को चरितार्थ किया है।
आज NDRF के गाजियाबाद स्थित 8वीं वाहिनी परिसर में अदम्य साहस, समर्पण और निःस्वार्थ सेवा के प्रतीक NDRF के वीर जवानों को… pic.twitter.com/Q9EcyQULPb
— Amit Shah (@AmitShah) May 14, 2026
NDRF के जवान देश में कहीं भी ‘आपदा सेवा सदैव सर्वत्र’ मंत्र के साथ जाते हैं.जब भी कहीं आपदा आती है या आने की आशंका होती है, एनडीआरएफ की मौजूदगी से लोगों में भरोसा और सुरक्षा का भाव पैदा होता है। उन्हें देख जनता राहत की सास लेती है कि अब उनका बचाव हो जाएगा. गृहमंत्री अमित शाह ने कहा, NDRF ने अपनी स्थापना के 20 साल में देश में कहीं भी बाढ़, भूकंप, चक्रवात या अन्य आपदाओं में बेहतरीन कार्य करते हुए देश की 140 करोड़ जनता का विश्वास जीता है. एनडीआरएफ ने अब तक डेढ़ लाख से अधिक लोगों की जान बचाई है और 9 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया है.
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि एनडीआरएफ को प्रेसिडेंट कलर मिलना NDRF के समस्त बलों के सेवा, साहस, शौर्य और समर्पण के संचित गुणों का सम्मान है. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण NDMA और एनडीआरएफ ने अपने कार्यकाल में आपदा बचाव के क्षेत्र में भारत को वैश्विक नक्शे पर स्थापित करने का काम किया है. यह हम सभी के लिए गौरव की बात है लेकिन देश के गृहमंत्री के नाते मेरे लिए यह विशेष गौरव का विषय है. अमित शाह ने कहा कि आज 116 करोड़ रुपए से ज्यादा की लागत वाली 6 परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया गया. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन परियोजनाओं के माध्यम से एनडीआरएफ देश की जनता को किसी भी प्रकार की आपदा से सुरक्षित रखने के लिए और मजबूती से काम कर पाएगी.
