उत्तर प्रदेश लखनऊ के फैजुल्लागंज में बाढ़ का जायजा लेने पहुंचे सीएम योगी, गोमती नदी पर तटबंध बनाने का दिया निर्देश
उत्तर प्रदेश

लखनऊ के फैजुल्लागंज में बाढ़ का जायजा लेने पहुंचे सीएम योगी, गोमती नदी पर तटबंध बनाने का दिया निर्देश

लखनऊ: फैजुल्लागंज में कई दिनों से बाढ़ का पानी भरा हुआ था. लोगों की परेशानियों को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को खुद मौके पर पहुंचे. मुख्यमंत्री ने बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों का जमीनी और हवाई दोनों तरह से जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत की और उनको राहत सामग्री भी बांटी.

मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले 10 दिनों में प्रदेश के 50 से ज्यादा जिलों में तेज बारिश हुई है. इसी वजह से राज्य की तमाम नदियों का पानी लगातार ऊपर चढ़ रहा है.

लखनऊ में भले ही इतनी भारी बारिश न हुई हो, लेकिन ऊपरी इलाकों का पानी यहां पहुंच गया है. पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, सीतापुर और नेपाल में हुई बारिश का पानी नीचे आने से गोमती उफान पर है.

गोमती का जलस्तर अचानक बढ़ने से राजधानी के कई मोहल्लों में पानी भर गया. बक्शी का तालाब, लखनऊ उत्तर और खास तौर पर फैजुल्लागंज के बड़े हिस्से जलमग्न हैं. मुख्यमंत्री ने खुद इलाकों में घूमकर और हेलिकॉप्टर से पूरी स्थिति को देखा. उन्होंने कहा कि अगर गोमती नदी पर पक्का तटबंध बन जाए तो इस मुसीबत से हमेशा के लिए निजात मिल सकती है.

सीएम ने सिंचाई विभाग को फैजुल्लागंज से लेकर नैमिष नगर तक नदी का सर्वे करने को कहा है. सर्वे के तुरंत बाद नदी किनारे पक्का तटबंध बनाने का इंतजाम किया जाएगा. उन्होंने साफ किया कि तटबंध के बाहर वाले गांवों में भी पानी न रुके, इसके पूरे इंतजाम होंगे. सिंचाई विभाग को बड़े पंपिंग सेट लगाने के निर्देश दिए गए हैं ताकि बारिश का पानी तुरंत बाहर निकाला जा सके.

इस कदम से लोगों को लंबे समय तक जलभराव की मार नहीं झेलनी पड़ेगी. मुख्यमंत्री ने लोगों को भरोसा दिलाया कि दुख की इस घड़ी में सरकार पूरी तरह उनके साथ खड़ी है. उन्होंने कहा कि राहत का काम तेजी से चल रहा है और किसी को घबराने की जरूरत नहीं है. डबल इंजन की सरकार हर पीड़ित परिवार की पूरी मदद करने के लिए प्रतिबद्ध है.

Exit mobile version