दिल्‍ली-एनसीआर ग्रेटर नोएडा के सेक्टर 12 के पास चलती कार बनी आग का गोला, चालक ने कार से कूद कर बचाई जान
दिल्‍ली-एनसीआर

ग्रेटर नोएडा के सेक्टर 12 के पास चलती कार बनी आग का गोला, चालक ने कार से कूद कर बचाई जान

नोएडा : ईकोटेक 3 थाना क्षेत्र के सेक्टर 12 के पास रोड पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक कार में अचानक से आग लग गई. जब तक कोई कुछ समझा पाता आग ने कार को गिरफ्त में ले लिया था. कार चालक ने कार से कूदकर अपनी जान बचाई. मौके पर लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग फैलने पर स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई. फायरकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.

राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई. आग को पूरी तरीके से बुझा दिया गया, लेकिन कार जलकर पूरी तरह खाक हो गई. फायर अधिकारी ने बताया कि थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र के अंतर्गत सेक्टर-12, ग्रेटर नोएडा निवासी अपनी कार से जा रहे थे. तभी उसमें अचानक से आग लग गयी. सूचना पर मौके पर पहुंची फायर सर्विस यूनिट की तरफ से कार्रवाई करते हुए आग को पूर्ण रूप से बुझा दिया गया.

मामले में चीफ फायर अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि प्रथम दृष्टया कार में आग शॉर्ट सर्किट से लगने का अंदेशा है. सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है. कार चालक सकुशल आग लगने के बाद कार से बाहर आ गया था, जिसके चलते कोई जनहानि नहीं हुई है. कार को रोड से किनारे कर यातायात को सुचारु कराया गया है.

Exit mobile version