उत्तर प्रदेश श्रीराम मंदिर के शिखर का कलश पूजन, चंपत राय बोले- मुख्य मंदिर लगभग तैयार, शिखर लगाने की तैयारी
उत्तर प्रदेश

श्रीराम मंदिर के शिखर का कलश पूजन, चंपत राय बोले- मुख्य मंदिर लगभग तैयार, शिखर लगाने की तैयारी

उत्तर प्रदेश: श्रीराम मंदिर और जन्मभूमि परिसर में बने अन्य मंदिरों में प्राण प्रतिष्ठा की जानी है. इसके पहले मंदिरों के निर्माण का कार्य पूरा किया जा रहा है. राम मंदिर परिसर के 800 मीटर की परिधि स्थित परकोटा में छह मंदिरों के शिखर का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है, जहां अंतिम पत्थर को लगाए जाने की तैयारी है. जिसके लिए बुधवार को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने शिखर कलश का पूजन किया है.

राम जन्मभूमि परिसर के समीप रखे गए सभी शिखर के पत्थरों का 11 वैदिक आचार्य के साथ विधि विधान पूर्वक पूजन अर्चन किया गया. श्री राम जन्मभूमि तीर्थ से ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास के उत्तराधिकारी महंत कमल नयन दास और ट्रस्टी डॉ अनिल मिश्रा ने पूजन सम्पन्न किया. इस दौरान व्यवस्था प्रभारी गोपाल जी राव, एलएंडटी प्रोजेक्ट मैनेजर विनोद मेहता, ट्रस्ट के इंजीनियर जगदीश शंकर आपले समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे.

राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने बताया कि मंदिर के ऊपर अब पत्थरों से बना हुआ शिखर कलश लगाया जाएगा. इसी तरह 6 मंदिर बन रहे हैं, वह भी लगभग पूर्णता की ओर हैं. उन पर भी पत्थरों के बने हुए शिखर लगाए जाएंगे. बुधवार को मुख्य मंदिर सहित सात मंदिरों के जो शिखर कलश बने हुए हैं उनका सामूहिक पूजन किया. इसके लिए महंत कमल नयन दास, मुंबई इस्कॉन मंदिर के प्रमुख गौरांग दास महाराज भी इस पूजन में शामिल हुए.

उन्होंने बताया कि लार्सन टुब्रो, टाटा और ट्रस्ट की ओर से पूजन करने वाले तमाम इंजीनियर की एक बहुत बड़ी टीम उपस्थित रही. दुर्गा गौतम और नारद आचार्य की टीम ने पूजन कराया. यह पूजन 10:30 बजे से 12:00 बजे तक संपन्न हुआ. उन्होंने बताया कि जितने भी शिखर थे, उन सब का अभिषेक किया गया, अब जो मंदिर पूर्णता की ओर होता जाएगा, वहां शिखर स्थापित कर दिए जाएंगे.

श्रीराम जन्मोत्सव के आयोजन में शामिल होने विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय महासचिव मिलिंद परांदे बुधवार को अयोध्या पहुंचे. महासचिव मिलिंद परांदे ने साधु संत व स्थानीय लोगों के साथ भगवान श्री राम की सामूहिक आरती उतारी. इस दौरान उन्होंने कहा कि हर एक हिंदू परिवार में दो से अधिक बच्चे चाहिए. इसके साथ ही केंद्र व राज्य की सत्ता में हिंदू हित पर विचार करने वाले लोग सत्ता में बैठने चाहिये. उन्होंने कहा कि नवरात्र चल रही है और इस दौरान विश्व हिंदू परिषद पूरे देश भर में राम उत्सव मनाता है. वर्ष प्रतिपदा से लेकर हनुमान जयंती तक यह आयोजन होते हैं.

Exit mobile version