उत्तर प्रदेश: 16 मई 2026 की तारीख गोरखपुर को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट जगत में एक बड़ी पहचान दे गई है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने ड्रीम प्रोजेक्ट अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का इस ऐतिहासिक दिन भव्य शिलान्यास किया. इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि खेल और खिलाड़ियों के साथ यह स्टेडियम क्षेत्र के विकास को नए पंख लगाएगा.
यह आधुनिक स्टेडियम सिर्फ पूर्वांचल ही नहीं, बल्कि देश और दुनिया में गोरखपुर के नाम को नए रूप में स्थापित करेगा. यह भव्य अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम कुल 46 एकड़ भूमि पर 393 करोड़ रुपये की भारी लागत से बनकर तैयार होगा. इस भूमि पूजन एवं शिलान्यास के खास अवसर पर केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और केंद्रीय राज्य मंत्री कमलेश पासवान मौजूद रहे.
डबल इंजन सरकार आमजन के कल्याण, विकास की परियोजनाओं एवं रोजगार सृजन के लिए निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
महायोगी गुरु श्री गोरखनाथ जी की पावन तपोस्थली जनपद गोरखपुर में आज अत्याधुनिक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम (प्रथम चरण) के भूमिपूजन एवं शिलान्यास हेतु आयोजित… pic.twitter.com/1Hobf7qOFl
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) May 16, 2026
इनके साथ ही स्थानीय सांसद रवि किशन, सभी विधायक और यूपी के खेल विभाग से जुड़े वरिष्ठ अधिकारियों की गरिमामयी मौजूदगी रही. सीएम योगी ने अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी का विशेष रूप से मंच से आभार व्यक्त किया.
केंद्रीय मंत्री के सहयोग से गोरखपुर के चौमुखी विकास को यह नई पहचान और एक नई उड़ान मिल रही है. पेट्रोलियम मंत्री के रूप में हरदीप पुरी ने इस स्टेडियम के निर्माण के लिए तीन शीर्ष तेल कंपनियों के साझा बजट से 100 करोड़ रुपये का अनुदान दिया है. योगी ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि एक समय था जब पूर्वांचल की पहचान माफियावाद, बीमारी और सरकारी उपेक्षा से होती थी. लेकिन आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व और प्रेरणा से उत्तर प्रदेश की नई पहचान ‘विकास और सुशासन’ से है.
प्रधानमंत्री का मूल मंत्र है—’खेलेगा इंडिया, तो खिलेगा इंडिया’, जिसे हमारी सरकार धरातल पर उतार रही है. इसी विजन को आगे बढ़ाते हुए राज्य सरकार खेल और प्रतिभावान खिलाड़ियों को हर संभव आर्थिक और ढांचागत प्रोत्साहन दे रही है.
अब हमारे गोरखपुर और आस-पास के जिलों के युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा निखारने के लिए दिल्ली या मुंबई जैसे महानगरों का रुख नहीं करना पड़ेगा. आपके अपने शहर में जल्द ही विश्वस्तरीय सुविधाएं होंगी, जहाँ फ्लड लाइट्स की रोशनी में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच खेले जाएंगे.
मुख्यमंत्री ने एक और बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि क्रिकेट स्टेडियम के ठीक बगल में 60 एकड़ भूमि पहले से रिजर्व कर रखी गई है. इस अतिरिक्त आरक्षित भूमि पर एक भव्य और सर्वसुविधायुक्त स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया जाएगा. इसमें क्रिकेट के अलावा हॉकी, कुश्ती समेत अन्य पारंपरिक और आधुनिक खेलों को भी समान रूप से बढ़ावा देने का प्रयास होगा. उत्तर प्रदेश में खेलों के समग्र विकास के लिए ही मेरठ में मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय का निर्माण कराया जा रहा है.
गोरखपुर के ताल नदोर में उपलब्ध कराई गई इस जमीन पर 24 दिसंबर 2025 से ही प्राथमिक निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया था. सरकार की तरफ से जारी परियोजना लागत की प्रथम किश्त 63.39 करोड़ रुपये से काम तेजी से आगे बढ़ रहा है. कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग के अनुसार अब तक करीब सात प्रतिशत भौतिक काम पूरा कर लिया गया है. इस पूरे स्टेडियम का निर्माण कार्य 23 दिसंबर 2027 तक अनिवार्य रूप से पूरा कर लिया जाएगा.

